HOME PAGE

HOME PAGE

गुरुवार, 24 जून 2010

शराब के ठेके को लेकर महिलाएं उतरी सड़कों पर

-प्रशासन को पहले दिया था अल्टीमेंट, कार्रवाई न होने पर दिया धरना   
-ठेकेदार ताला जडक़र भागे, ठेका हटाए बिना नहीं हटेगा प्रदर्शन
-दलित सेना के साथ कांग्रेस ने दिया लोगों का साथ  
बठिंडा। मानसा के गांव रामदित्तेवाला में बुधवार को शराब का ठेका बंद करवाने के लिए महिलाओं ने प्रदर्शन किया तो बुधवार की देर रात को बठिंडा के निकटवर्ती गांव पक्का कलां में शराब के  ठेके  को बंद करने की मांग को लेकर सैकड़ों महिलाएं सड़कों पर उतर गई। महिलाओं के प्रदर्शन को देखते हुए ठेकेदार ठेका बंद कर फरार हो गए जबकि प्रदर्शनकारी ठेके को स्थायी तौर पर वहां से हटाएं बिना वहां से हटने को तैयार नहीं है। उनका कहना है कि जिला प्रशासन को इस बाबत वह पहले भी ठेके को हटाने की मांग कर चुके हैं लेकिन इसमें किसी तरह की कार्रवाई न होता देख उन्हें मजबूरी में प्रदर्शन करना पड़ रहा है। जानकारी अनुसार गांव पक्का कलां में गांव के मध्य बने शराब के ठेके को लेकर गांव की पंचायत ने जिला प्रशासन को एक मांगपत्र डीसी बठिंडा को दिया था। इसमें प्रशासन ने आश्वासन दिया था कि शराब के ठेके को हटाने के लिए आबकारी विभाग को लिखा जाएगा व लोगों को जल्द ही इस समस्या से निजात मिल जाएगी। इसमें एक सप्ताह से अधिक का समय बीत जाने के बाद भी ठेके को नहीं हटाया गया है। इससे आक्रोशित सौ के करीब गांव की महिलाओं ने बुधवार की देर रात विरोध का बिगुल बजा दिया। गांव वासी रंजीत कौर, कर्मजीत कौर, अमरजीत कौर, स्वर्णजीत कौर, हरदीप कौर का कहना है कि शराब का ठेका गांव के मध्य में बनाया गया हैं जिससे ठेके के आसपास से महिलाओं व बच्चों का गुजरना भी मुश्किल हो जाता है। शराब के नशे में धुत शराबी आने -जाने वाली महिलाओं से छेड़खानी करते हैं वही विरोध करने पर झगड़ा करने लगते हैं। यही नहीं शराब का ठेका नजदीक होने के कारण उनके घरों के पुरुष व बच्चे भी शराब पीने लगे हैं। उन्होंने अपना धरना तब तक जारी रखने को कहा जब तक प्रशासन ठेके को वहां से हटाने का फरमान जारी नहीं करता है। दूसरी तरफ लोगों के विरोध को देखते हुए ठेका मालिकों ने स्थिति को भांपते हुए कल रात से ही ठेके  को ताला जड़ा हुआ है। गांव वासी कल रात से ही धरने पर बैठे हुए हैं और धरना तब तक जारी रहेगा, जब तक समस्या का हल नहीं निकल जाता।  दूसरी तरफ महिलाओं के विरोध प्रदर्शन को दलित सेना व लोकजनशक्ति पार्टी के साथ कांग्रेस ने समर्थन देने की घोषणा की है। दलित सेना के प्रदेश प्रधान किरणजीत सिंह गहरी ने महिलाओं के प्रदर्शन में शामिल होकर कहा कि प्रशासन लोगों की समस्याओं को देखते हुए शराब के ठेके को यहां से तत्काल तबदील करे। कांग्रेस के प्रेस सचिव रत्न राही ने कहा कि अकाल सरकार जहां नौजवानों को नशे से दूर रहने के लिए योजना चलाने का दावा कर रही है वही ग्रामीण क्षेत्रों में घरों के बाहर ठेके खोलकर नौजवानों को नशा बांट रही है। इसमें लोगों के विरोध के बावजूद ठेके को हटाया नहीं जा रहा है। उन्होंने इस बाबत जल्द ही प्रशासन से लोगों की मांग पूरी कर शराब का ठेका हटाने को कहा।

एनसीसी के दस दिवसीय कैंप के बाद होगा थल सेना के लिए चुनाव

बठिंडा। 20 पंजाब बटालियन एनसीसी की ओर से ज्ञानी जैन सिंह इंजीनियरिंग कालेज में दस दिवसीय कैंप का आयोजन किया जा रहा है। 19 जून से आरंभ हुए कैंप का 30 जून को विधिवत समापन होगा।  इसमें बटालियन के कमाडिंग अफसर लेफ्टीनेट कर्नल वीएस दयाल एडम अफसर एस शंकर विशेष तौर पर ट्रैनिंग दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस कैंप में बठिंडा, भुच्चो, रामपुरा, बरनाला, मौड़ मंडी, मानसा, भिखी, मंडी कला, डबवाली और नाभा के स्कूल, कालेजों से एनसीसी कैडिट हिस्सा ले रहे हैं। इस कैंप में कैडिटों को शरीरिक शिक्षा, ड्रिल हथियारों की सिखलाई, मैप रिडिंग, फील्ड क्राफ्ट आदि के बारे में जानकारी दी जा रही है। इसके अतिरिक्त कैडिटों को अच्छा नागरिक बनाने के लिए विभिन्न विषयों पर जागृत किया जा रहा है। वीरवार को कैडिटों की जानकारी के लिए एक सेमिनार का आयोजन भी किया गया। इसमें हैड कांस्टेबल सुखराज सिंह विशेष तौर पर पहुंचे। कैंप में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्रों का थल सेना के लिए भी चुनाव किया जाएगा।



पावर लिफ्टिंग में बाबा फरीद के छात्र ने जीता कांस्य पदक 
बठिंडा। राष्ट्रीय स्तर की पावर लिफ्टिंग प्रतियोगिता में बाबा फरीद पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल के छात्रों ने राज्य का नाम रोशन किया। झारखंड के राची शहर में आयोजित प्रतियोगिता में राज्य स्तर पर खेल चुकी स्कूल की तीन छात्राओं ने हिस्सा लिया। इसमें सिमरणप्रीत कौर बराड़ ने 82.5 किलोग्राम भार वर्ग में 170 किलोग्राम भार उठाकर कास्य पदक जीता। इसके इलावा 44 किलोग्राम भार वर्ग में अनमोलप्रीत कौर व सिमरणजीत कौर ने राष्ट्रीय स्तर पर पांचवां स्थान हासिल किया। इस उपलब्धि पर बाबा फरीद इंस्टीच्यूट के प्रबंधकीय निर्देशक गुरमीत सिंह धालीवाल, प्रशासकीय प्रबंधक परमजीत कौर धालीवाल ने छात्रों की उक्त उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने इसके लिए स्कूल के डीपीआई परविंदर सिंह को भी बधाई दी।

वाहन चोरी कर बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया

-चार बिलेरो गाड़ी के साथ एक एसेंट गाड़ी मौके से बरामद की गई
-गिरोह के अन्य सदस्यों को गिरफ्तार करने के लिए छापामारी

बठिंडा। पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले एक गिरोह को पकड़ने में सफलता हासिल की है। इसमें दो लोगों को गिरफ़्तार कर उनसे छह चोरी के वाहन बरामद किए गए है। जानकारी अनुसार परविंदर सिंह पुत्र ठाना सिंह वासी डबवाली ने एक गिरोह बना रखा था। इसें चरणजीत सिंह वासी रामा मंडी बठिंडा उसका सहयोगी था। परविंदर सिंह हरियाणा, दिल्ली, उत्तरप्रदेश से वाहन चोरी कर बठिंडा में चरणजीत सिंह के पास लेकर आता था। चरणजीत सिंह इन वाहनों की जाली आरसी बदलने के साथ वाहनों के रंग बदलकर आगे ग्राहकों की तलाश करता था। इसमें सस्ते दाम में वाहन खरीदने वाले लोगों को उक्त चोरी के वाहन बेच दिए जाते थे। दोनों जालसाज अब तक दर्जनों वाहनों को चोरी कर बेच चुके थे। एसएसपी डा. सुखचैन सिंह ने बताया कि इस गिरोह के संबंध में पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी। इसी के आधार पर तलवंडी साबो थाना ने परविंदर सिंह को एक बलैरो गाड़ी सहित तलवंडी साबों से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसने अपने दूसरे साथी चरणजीत सिंह का नाम भी बता दिया। दोनों को गिरफ्तार कर विभिन्न स्थानों में चोर कर रखे गए वाहनों को बरामद करवाया। इसमें एक जीप, चार बलैरो गाड़ी, व एक एसेंट कार शामिल है। उक्त लोगों ने जीप जालंधर से चोरी की थी जबकि चार बलैरो गाडि़यां दिल्ली, अबोहर, होशियारपुर व राजस्थान से चोरी की। एसेंट कार डेरा बाबा नानक से चोरी करके आगे बेचने की तैयारी कर रहे थे। उनका कहना है कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है व गिरोह में शामिल अन्य लोगों को गिरफ्तार करने के लिए छापामारी की जा रही है। इसमें चोरी किए अन्य वाहन भी बरामद होने की संभावना है।