HOME PAGE

HOME PAGE

मंगलवार, 20 जुलाई 2010

मंगलवार को जमकर बरसी वरखा रानी

-लोगों को दिलाई गर्मी से राहत, सीवरेज बोर्ड के लिए लाई आफत
-कई स्थानों में सीवरेज जाम होने से बरसाती पानी भरा लोगों को हुई परेशानी  
राकेश राही
बठिंडा। पिछले कई दिनों से पड़ रही जानलेवा गर्मी से मंगलवार को हुई बरसात ने राहत प्रदान कर दी। चिलमिलाती धूप और ४५ डिग्री तापमान से लोगों का जीना मुहाल हो रहा है। मंगलवार की सुबह लगभग एक घंटा व दोपहर साढे़ १२ बजे से लेकर दो बजे तक बरखा रानी जमकर बरसी। इस दौरान महानगर की सड़कों व शहर के बाहरी क्षेत्रों में पानी भर गया। नगर निगम का सीवरेज इस बरसात ने बंद कर दिया जिससे बाजारों में दो से ढ़ाई फुट पानी भर गया। सिरकी बाजार, गुरु नानक पुरा, माल रोड़, महिना चौक, पावर हाऊस रोड़, नई बस्ती, वीर कालोनी, अमरिक सिंह रोड, परसराम नगर मुख्य सड़क में पानी भरने से आवागमन पूरी तरह से प्रभावित रहा। वाहन सड़कों के किनारे बंद हो गए, जिससे लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। बरसात के कारण कई इलाकों में लोगों के घरों के अंदर भी पानी चला गया। नगर निगम अधिकारी बरसाती पानी की निकासी के लिए डिस्पोजलों पर मश्कत करते रहे लेकिन बिजली विभाग ने अपना कारनामा दिखाते हुए दोपहर बाद लाईट ही गुल कर दी जिससे कई स्थानों पर तो जरनेटरों से काम चला लेकिन इसके बावजूद पानी की निकासी समुचित ढंग से नहीं हो सकी। नगर निगम व जिला प्रशासन ने बरसात से पहले दावा किया था कि उन्होंने शहर में भरने वाले पानी की निकासी के लिए समुचित प्रबंध कर रखे हैं लेकिन इस तेज बरसात ने उनके सभी दावों की पोल खोल दी। सीवरेज में जमी गंदगी ने पानी की निकासी को बंद करके रख दिया। मंगलवार की दोपहर हुई बरसात की खास बात यह रही कि इस दौरान शहर को चंडीगढ़ की तर्ज पर विकसित करने का दावा करने वाले बादल परिवार की सांसद हरसिमरत कौर बादल बठिंडा शहर के दौरे पर थी। इस दौरान उन्होंने महानगर की सड़कों पर खडे़ पानी के दृश्य को देखा व उन्हें भी अहसास हो गया होगा कि बठिंडा को चंडीगढ़ बनाने में अभी काफी समय लगेगा खासकर यहां की बदतर सीवरेज व्यवस्था में सुधार किए बिना इस लक्ष्य को हासिल नहीं किया जा सकता है। सांसद के दौरे के दौरान नगर निगम अधिकारियों के साथ सीवरेज विभाग के अधिकारियों की जान भी आफत में रही जिससे वह पूरा दिन अपने कर्मचारियों के साथ पानी की निकासी करवाने में जुटे रहे। दूसरी तरफ जमकर बरसे पानी से लोगों को जानलेवा गर्मी से राहत जरूर मिली वही बिजली विभाग ने भी पानी बरसने से राहत की सास ली।           
सभी फोटोः- बब्बल गर्ग

सांसद हरसिमरत ने रखे शहर में विकास कार्यों के नींव पत्थर

-बरसाती पानी से होने वाली समस्याओं से भी हुई वाकिफ, अधिकारियों को करनी पड़ी मश्कत 
-बठिंडा को बडे़ शहरों की तर्ज पर विकसित बनाने की पहलकदमी   
बठिंडा। सांसद हरसिमरत कर बादल ने बठिंडा केञ् ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा पूरा करने के बाद मंगलवार को बठिंडा शहरी क्षेत्र का दौरा कर लोगों की समस्या सुनी। इस दौरान उन्होंने आठ स्थानों में विभिन्न विकास कार्यों का नींव पत्थर रखा वही बठिंडा को विकसित जिलों की श्रेणी में लाने के लिए प्रयास तेजी से करने की वकालत की। बादल ने कहा कि बठिंडा जिले में जो विकास पिछले छह दशक में नहीं हो सका वह मात्र तीन साल में बादल सरकार ने करके दिखाया है। बठिंडा को इंडस्ट्री ग्रोथ में आगे लाने के लिए नए प्रोजेक्ट लाने के प्रयास भी किए जा रहे हैं जबकि आगामी डेढ़ साल में तेल शोधक कारखाना रामा मंडी में बनकर तैयार हो जाएगा। इससे जिले के दस हजार लोगों को प्रत्यक्ष तौर पर रोजगार मिलेगा। बादल सरकार इसी तरह के बहुआयामी व रोजगार प्रदान करने वाले प्रोजेक्ट जिले में लगाने के लिए काम कर रही है। 
सांसद बादल ने धबियाना बस्ती में रहने वाले लोगों को स्थायी निवास के लिए घरों के अलाटमेट लेटर जारी किए वही आरओ सिस्टम का भी उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि दलितों के विकास के लिए सरकार ने विभिन्न योजनाएं चला रखी है इसमें कुछ स्थानों पर पेंशन स्कीमों को लेकर लोगों को समस्या आ रही है जिसे जल्द दूर कर दिया जाएगा। इसके लिए लोक भलाई विभाग को जायज लोगों के पेंशन कार्ड बनाने के लिए कहा गया है। इसके इलावा बादल ने एक कम्यूनिटी हाल, पार्क और भट्टी रोड में पीसी डालने का काम को हरिझंडी दी। उन्होने प्रशासकीय अधिकारियों से विकास कार्यों को तेजी से करने व इसके लिए यथासंभव फंड जारी करने के लिए कहा वही नगर निगम अधिकारियों से लोगों की समस्या पहल के आधार पर हल करने व लोगों को मूल सुविधाएं प्रदान करने की हिदायते दी। श्रीमति बादल के दौरे के दौरान इंद्र देवता भी जमकर बरसे जिससे सांसद को बठिंडा की प्रमुख सड़कों की बरसात के बाद होने वाली दशा का भी भलीभांती ज्ञान हो गया। इस दौरान नगर निगम व सीवरेज बोर्ड के अधिकारियों को शहर में बरसात के दौरान भरने वाले पानी की निकासी के लिए भारी मश्कत करनी पड़ी। इससे कई क्षेत्रों में तो पानी की निकासी सही ढंग से चलती रही लेकिन माल रोड, वीर कालोनी, पावर हाऊस सरीखे प्रमुख रास्ते पानी से लबालब भर गए। इसके चलते सांसद के साथ चल रहे अधिकारी व नेता उन्हें ऐसे स्थानों से ले जाने में गुरेज करते रहे जहां नगर निगम की सीवरेज व्यवस्था ने जबाब दे दिया था। इस संबंध में सांसद ने सीवरेज बोर्ड केञ् अधिकारियों के साथ जिला प्रशासन से बरसाती पानी की निकासी में पेश आ रही समस्याओं के बारे में जानकारी हासिल कर इसमें व्याप्त खामियों तो तत्काल दूर करने की हिदायते जारी की। सांसद बादल के साथ डीसी गुरकृतकृपाल सिंह, एसएसपी डा. सुखचैन सिंह, नगर निगम मेयर बलजीत सिंह बीड़बहिमण, विधानसभा बठिंडा इंचार्ज सरूपचंद सिंगला, प्रेस सचिव डा. ओमप्रकाश शर्मा, चमकौर सिंह मान विशेष तौर पर उपस्थित रहे।