HOME PAGE

HOME PAGE

शनिवार, 30 जनवरी 2021

बठिंडा में पहले दिन 52 उम्मीदवारों ने भरे नामांकन


बठिडा:
नामांकन पत्र दाखिल करने के साथ ही जिले में नगर निगम, नगर कौंसिलों और नगर पंचायतों के चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो गई है। शनिवार को पहले दिन विभिन्न पार्टियों के 52 उम्मीदवारों ने अपने-अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। शनिवार को छुट्टी होने के कारण दफ्तरों में केवल नामांकन पत्र दाखिल करने वाले प्रत्याशी और उनके समर्थक ही दिखाई दे रहे थे। नामांकन पत्र दाखिल करते समय प्रत्याशी के अलावा उसके साथ एक व्यक्ति को जाने की इजाजत थी। 

पहले दिन बठिडा नगर निगम के लिए अधिकतर शिरोमणि अकाली दल व आजाद प्रत्याशी ही नामांकन पत्र दाखिल करते दिखाई दिए। बतां दे जिले भर में कुल 224 सीटों पर चुनाव होने जा रहा है।

यहां-यहां हुआ नामांकन

  • स्टेशन नामांकन
  • बठिडा नगर निगम 31
  • भाई रूपा नगर पंचायत 1
  • कोट फत्ता नगर पंचायत 1
  • भुच्चो मंडी नगर कौंसिल 2
  • गोनियाना नगर कौंसिल 2
  • कोटशमीर नगर पंचायत 2
  • मौड़ नगर पंचायत 3
  • मेहराज नगर पंचायत 10

कोठा गुरु, मलूका, रामा मंडी लहरा मोहब्बत, नथाना तथा संगत नगर कौंसिल एवं नगर पंचायतों के लिए पहले दिन किसी भी प्रत्याशी ने अपने कागज दाखिल नहीं किए।

तीन फरवरी तक भरे जा सकेंगे नामांकन पत्र

जिला चुनाव अधिकारी बी श्रीनिवासन ने बताया कि नामांकन पत्र भरने की अंतिम तिथि तीन फरवरी तक है। नामांकन पत्रों की पड़ताल चार फरवरी को होगी। नामांकन पत्र वापस लेने की तिथि पांच फरवरी रहेगी। इसी तारीख को ही उम्मीदवारों को चुनाव निशान अलाट किए जाएंगे। उम्मीदवारों की ओर से चुनाव प्रचार 12 फरवरी को शाम पांच बजे तक किया जा सकेगा। मतदान का कार्य 14 फरवरी को सुबह 8 से शाम के 4 बजे तक रहेगा जबकि मतगणना 17 फरवरी को होगी। निगम, कौंसिल व नगर पंचायतों के इन चुनावों के लिए 17 अधिकारियों को रिटर्निंग अफसर तथा इतने ही अधिकारियों को सहायक रिटर्निंग अधिकारी के तौर पर नियुक्त किया गया है।

School Reopen News: पंजाब में 1 फरवरी से खुल जाएंगे सभी प्राइमरी स्कूल, कोविड नियमों का करना होगा पालन


चंडीगढ़।
कोविड के कारण बंद पड़े पंजाब के प्राइमरी स्कूल 1 फरवरी से खुल जाएंगे। 1 फरवरी से प्री-प्राईमरी, पहली और दूसरी कक्षा का शिक्षण कार्य शुरू हो जाएगा। अभी तक इन कक्षाओं में शिक्षण कार्य शुरू नहीं हो पाया था। पंजाब के शिक्षा मंत्री विजय इंदर सिंगला ने कहा कि मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की सहमति के बाद यह फैसला लिया गया है। इससे पहले प्रथम चरण में नौवीं से बारहवीं, दूसरे चरण में पांंचवी से आठवीं और फिर तीसरे चरण में तीसरी व चौथी क्लास शुरू चुकी हैं।

विजय इंदर सिंगला ने कहा कि अभिभावकों की तरफ से मिले समर्थन के बाद शिक्षा विभाग की तरफ से चरणबद्ध तरीके से खोले गए स्कूलों में कोविड-19 महामारी संबंधी पंजाब सरकार हिदायतों का पालन किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि विभाग की तरफ से स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा यकीनी बनाने के लिए हिदायतें भी जारी की जा चुकी हैं।

विजय इंदर सिंगला ने विभागीय अधिकारियों और स्कूल प्रबंधकों को हिदायत जारी करते हुए कहा कि 1 फरवरी से लगने जा रहे प्री-प्राईमरी, पहली और दूसरी कक्षाओं केे विद्यार्थी आयु में छोटे होते हैं। इस कारण इन बच्चों का स्कूल अध्यापकों और स्कूल मुखियों की तरफ से अधिक प्राथमिकता देकर ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि बच्चों की आपसी दूरी का ध्यान रखकर सिटिंग प्लान तैयार करना, मास्क का प्रयोग करना, थोड़े समय के अंतराल के साथ बार-बार हाथों को धोने या सेेनिटाइज करने आदि संबंधी बार -बार जागरूक करना यकीनी बनाया जाना चाहिए।


सिंगला ने कहा कि पंजाब सरकार विद्यार्थियों और अध्यापकों की सुरक्षा के प्रति संजीदा है, इसलिए अधिकारियों को हिदायतें भी दी गई हैं कि शिक्षा सुधार टीमें और अन्य शिक्षा अधिकारी जब भी फील्ड में जाएं तो उस समय स्कूल प्रमुखों को कोविड-19 से सुरक्षित रहने के लिए जारी नियमों का सख्ती के साथ पालन करने को कहें। गांवों में जागरूकता अभियान चलाएं।

स्कूल शिक्षा मंत्री विजय इंदर सिंगला ने कहा कि 10 महीनों के बाद पंजाब के सभी स्कूल प्रातःकाल 10 बजे के बाद दोपहर 3 बजे तक पूर्ण तौर पर दोबारा खुल रहे हैं, लेकिन लाकडाउन के दौरान विभागीय अधिकारियों, स्कूल मुखियों और अध्यापकों ने सख्त मेहनत और लगन के साथ काम करके विद्यार्थियों को आनलाइन पढ़ाया।

पंजाब में 1 फरवरी से खुल जाएंगे आंगनबाड़ी केंद्र, बच्चों को फिर से परोसा जाएगा गरम भोजन



चंडीगढ़। पंजाब में आंगनबाड़ी केंद्र 1 फरवरी से खुल जाएंगेेे। सरकार राज्य में प्राइमरी स्कूलों को प्री प्राइमरी से खोलने का पहले ही फैसला ले चुकी है। पंजाब की सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री अरुणा चौधरी ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा जारी अनलाक के दिशानिर्देशों को ध्यान में रखते हुए विभाग द्वारा राज्यभर के बच्चों और अन्य लाभार्थियों के लिए 1 फरवरी, 2021 से आंगनबाड़ी केंद्रों को फिर से खोलने का फ़ैसला लिया गया है। कोरोना महामारी के कारण आंगनबाड़ी केंद्र 10 माह से बंद थे।

अरुणा चौधरी ने बताया कि वर्करों और हेल्परों के लिए आंगनबाड़ी केंद्र 8 दिसंबर से खोल दिए गए थे, लेेेेेकिन बच्चों की हाजिऱी संबंधी फ़ैसला नहीं लिया गया था। अब विभाग द्वारा सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक सभी आंगनबाड़ी केंद्रों को फिर से खोलने का फ़ैसला लिया गया है, क्योंकि स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा पहले ही 1 फरवरी से प्री-प्राइमरी स्कूल खोलने का ऐलान कर दिया गया है।

https://twitter.com/ArunaC_Official/status/1355520455768113152?s=20

उन्होंने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्रों में अब से सभी लाभार्थियों को गरम पका हुआ भोजन परोसा जाएगा। अगर कोई बच्चा ग़ैरहाजिऱ होता है तो पहले से चली आ रही व्यवस्था के अनुसार सूखा राशन बच्चों के घर तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि चाहे आंगनबाड़ी केंद्र 8 दिसंबर से खोले गए हैं, आंगनबाड़ी वर्करों और हेेल्परों द्वारा पहले ही मार्च 2020 से सभी लाभार्थियों को घर-घर सूखा राशन पहुंचाया जा रहा था।

कैबिनेट मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में स्वास्थ्य प्रोटोकोलों और तय सुरक्षा मापदंडों (एसओपी) को सही अर्थों में सख़्ती से पालना करने की हिदायत की। उन्होंने बताया कि शिक्षा विभाग द्वारा प्री-प्राइमरी स्कूलों के लिए एसओपी. तैयार किया गया है, जिसकी आंगनबाड़ी केंद्रों में भी पालना की जाएगी।

उन्होंने कहा कि इस संबंध में जि़ला प्रशासनों, जि़ला प्रोग्राम अफसरों (डीपीओज़) और बाल विकास एवं सुरक्षा अधिकारियों (सीडीपीओज़) को वर्करों और हेेल्परों को जुटाने के निर्देश दिए गए हैं। अगर कोई मामला सामने आता है तो संबंधित अधिकारी को मामला डिप्टी कमिश्नर के ध्यान में लाने के लिए कहा गया है। गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को कंटेनमेंट ज़ोनों के बाहर स्थित केंद्रों को फिर खोलने संबंधी 31 जनवरी या इससे पहले फ़ैसला लेने के लिए कहा गया है। 

पंजाब के किसान नेता बलबीर सिंह राजेवाल बोले- 26 की घटना के बाद लगा था आंदोलन को झटका, टिकैत ने संभाला


चंडीगढ़।
 कृषि कानूनों को लेकर आंदोलित किसान मोर्चा के नेता बलबीर सिंह राजेवाल ने माना कि 26 तारीख की घटना के बाद किसान आंदोलन को बड़ा झटका लगा था, लेकिन गाजीपुर में जिस तरह से राकेश टिकैत ने इस आंदोलन को संभाला उससे पंजाब, यूपी, हरियाणा, उत्तराखंड आदि से लोग फिर से आंदोलन की तरफ बढ़ गए हैं। किसान अब पहले से भी ज्यादा उत्साह के साथ धरनास्थल पर पहुंच रहे हैं । राजेवाल नेे पंजाब, हरियाणा आदि से पहुंच रहे लोगों से अपील की है कि वे शांति बनाए रखें।

चंडीगढ़ में पत्रकारों से बातचीत करते हुए बलवीर सिंह राजेवाल ने कहा कि 26 जनवरी की घटना के बाद किसानों के मन में भी यह बात आ गई है कि जब तक वह शांतिपूर्ण ढंग से अपना आंदोलन चला रहे थे उसका सरकार पर ज्यादा दबाव था। कहा कि पंजाब के अलावा हरियाणा और उत्तर प्रदेश की खापों ने एक बार फिर से अपने लोगों को आंदोलन स्थल पर पहुंचने के लिए कह दिया है। राजेवाल ने कहा, ''मुझे लगता है कि अब सरकार को अपनी हठ छोड़ देनी चाहिए। सरकारेंं लोगों के लिए होती हैं। अगर लोग ही उनके बनाए हुए कानूनों से नाराज हैं तो ऐसे कानूनों को रद करना ही जरूरी है।''

श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह द्वारा दी गई सलाह पर राजेवाल ने कहा कि हमारी कोर कमेटी उनकी सलाह पर चर्चा करेगी। हम सभी की राय की कदर करते हैं। सिंघू बार्डर पर हो रही पत्थरबाजी पर टिप्पणी करते हुए किसान नेता ने कहा कि यह स्थानीय लोग नहीं है, बल्कि भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता हैं जो लोगों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसान मजदूर संघर्ष समिति के कैंप में बैठी महिलाओं को कल सिंघूू बार्डर पर संयुक्त किसान मोर्चा के चल रहे धरनास्थल पर सुरक्षित लाया गया है।

26 जनवरी की घटना के बाद बड़ी संख्या में युवाओं के गायब होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि हमारे पास इस तरह की रिपोर्टें आ रही हैं, क्योंकि हरियाणा सरकार ने सारा नेट बंद करके लोगों तक सही बात जाने में बाधा खड़ी कर दी है, इसलिए बहुत सारी जानकारी हमारे तक भी नहीं पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि हम प्रशासन से लगातार संपर्क करके जो युवा गायब हैं उनके बारे में जानकारी हासिल कर रहे हैं। किसान नेताओं पर दर्ज किए गए केसों के बारे में उन्होंने कहा कि जब आंदोलन चलते हैं तो केस ही दायर होते हैं कोई हार नहीं पहनाता।

लुधियाना में तनाव के बाद भाजपा ने स्थगित किया तिरंगा मार्च, छावनी में तब्दील हुआ शहर


लुधियाना।
Tiranga March : शहर में भाजपा के तिरंगा मार्च निकलने से पहले ही तनाव का माहाैल पैदा हो गया। जिसके बाद मार्च को स्थगित कर दिया गया। भाजपा ने कहा है कि पार्टी टकराव नहीं चाहती। जिला प्रधान पुष्पेंद्र सिंगल ने कहा कि प्रदेश प्रधान के आदेश पर यात्रा स्थगित की गई है। हालांकि भाजपा कार्यकर्ता अभी भी माता रानी चौक में तिरंगे लहरा रहे हैं और दोनों तरफ नारेबाजी हो रही है।

बता दें कि शनिवार को भाजपा की ओर से निकाले जा रहे तिरंगा मार्च का शिराेमणि अकाली दल ने विरोध करने का एलान कर दिया। इसके बाद से ही पुलिस ने चाैकसी बढ़ा दी। शहर काे पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। अकाली दल व किसान समर्थक अकालगढ़ मार्केट के बाहर इकट्ठा हाे गए और देखते ही देखते भाजपा और अकाली दल के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। माहौल खराब होता देख पुलिसबल बढ़ा दिया गया। हालांकि पुलिस ने उस समय राहत की सांस ली, जब भाजपा ने मार्च को रद करने का फैसला लिया।

इससे पहले एडीसीपी प्रज्ञा जैन शनिवार सुबह से ही तिरंगा मार्च के रूट का जायजा लेती रही। इस दाैरान उन्हाेंने पुलिस काे सुरक्षा व्यवस्था में सख्ती बरतने के निर्देश दिए। इसी तरह डीसीपी अश्वनी कपूर ने भी चौड़ा बाजार का जायजा लिया और सर्तकता बरतने के आदेश दिए।

गणतंत्र दिवस पर हुई हिंसा के बाद पंजाब में सुरक्षा कड़ी

तिरंगा यात्रा से पहले गश्त करते पुलिस अधिकारी। (जागरण)

दिल्ली में 26 जनवरी काे गणतंत्र दिवस पर हुई हिंसा के बाद पंजाब में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। इसके अलावा सुरक्षा एजेंसियाें ने दिल्ली हिंसा के मामले में कई युवकाें काे पूछताछ के लिए उठाया है। पुलिस का कहना है कि किसी भी आराेपित काे बख्शा नहीं जाएगा।

बठिंडा में निकाय चुनाव:कांग्रेस सरकार ने निकाय चुनाव जीतने को एक घर में 85 वोट बनाए, मतदाता सूचियों की तत्काल जांच हो,फर्जी वोट काटे जाए : प्रो. बलजिंदर


 बठिंडा। आम आदमी पार्टी ने कैप्टन सरकार पर निकाय चुनाव जीतने के लिए मतदाता सूची में गड़बड़ी कर वोटों की संख्या बढ़ाने का आरोप लगाया है। आप विधायक प्रो. बलजिंदर कौर और रुपिंदर कौर रुबी ने पार्टी मुख्यालय से जारी बयान में कहा कि बठिंडा नगर निगम में जबर्दस्ती चुनाव जीतने के लिए कांग्रेस पार्टी मतदाता सूची में धांधली कर रही है। कांग्रेस पार्टी के लोग निकाय चुनाव जीतने के लिए वोटों का घोटाला कर रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि सत्ता का दुरुपयोग कर कांग्रेस पार्टी के नेताओं ने एक ही घर में 85 वोटर बना दिए हैं।


मतदाता सूची की पड़ताल करने पर स्पष्ट पता चलता है कि सूची में भारी छेड़छाड़ की गई है। उन्होंने सबूत देते हुए कहा कि बठिंडा के वार्ड 10 के प्रीत नगर में एक ही घर के पते पर 80-85 मतदाताओं के नाम डाले गए है। उन्होंने कहा कि जिस तरह पहले की अकाली-बीजेपी की सरकार सत्ता का दुरुपयोग कर निकाय चुनावों में धांधली करके चुनाव जीतती थी, उसी के रास्ते पर चलते हुए कैप्टन सरकार इस बार के निकाय चुनाव में धांधली कर चुनाव जीतने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि सत्ताधारी दल एक ही घर में 80-90 वोट पाकर सत्ता पर कब्जा करने का प्रयास कर रहा हैं।


लेकिन दुर्भाग्य की बात है कि प्रशासन द्वारा इस संबंध में कोई जांच नहीं की गई। उन्होंने कहा कि नगर निगम के द्वारा यूनिक आईडेंटीफिकेशन नंबर जारी की गई हैं लेकिन इसके बावजूद इन वोटों में कोई सुधार न होना साबित करता है कि सत्ताधारी दल प्रशासन से मिलीभगत कर चुनाव जीतने की प्रयास कर रही है। बता दें कि वार्ड नंबर 10 में एक ही मकान के पते पर 85 से अधिक लोगों के वोट बनाने के मामले को मीडिया  ने उठाया था। जिसकी अभी तक जांच रिपाेर्ट नहीं आई है।

बठिंडा में गेंहू को गायब कर लोगों के साथ धोखाधड़ी करने वाले एक डिपो होल्डर पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज


बठिंडा:
सरकारी डिपो पर बिकने के लिए आने वाली गेंहू को गायब कर लोगों के साथ धोखाधड़ी करने वाले एक डिपो होल्डर पर थाना फूल पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। हालांकि, आरोपित डिपो होल्डर की गिरफ्तारी होनी बाकी है। पुलिस को लिखित शिकायत देकर ग्राम पंचायत गांव फूलेवाला ने बताया कि उनके गांव में स्थित डिपो होल्डर नरदेव कुमार के पास लोगों को देने के लिए आने वाली सरकारी गेंहू में से कुछ गेंहू गायब कर उसे आगे बेचता है। जिसके चलते सरकार की तरफ से दी जाने वाली गेंहू लोगों को पूरी नहीं मिलती है। ऐसा कर आरोपित लोगों के साथ धोखाधड़ी कर रहा है। पुलिस ने पंचायत की शिकायत पर आरोपित डिपो होल्डर के खिलाफ मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है।

तीन नशा तस्करों को गिरफ्तार कर शराब व लाहन बरामद

बठिंडा : जिला पुलिस ने गत शुक्रवार को विभिन्न जगहों से तीन नशा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके पास से शराब व लाहन बरामद की है। पकड़े गए आरोपितों पर संबंधित थानों में एक्साइज एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना नथाना के हवलदार तरसेम सिंह ने गुप्त सूचना के आधार पर गांव नथाना निवासी बलजिंदर सिंह को 9 बोतल देसी शराब समेत गिरफ्तार कर मामला दर्ज किया गया। जिसे बाद में जमानत पर रिहा कर दिया गया। इसी तरह थाना दयालपुरा के हवलदार बलजिंदर सिंह ने भी गुप्त सूचना के आधार पर गांव जलाल में छापेमारी कर तीन पेटिया हरियाणा मार्का शराब बरामद कर आरोपित राणा सिंह निवासी गांव जलाल को गिरफ्तार कर मामला दर्ज किया गया। इसके अलावा थाना फूल के हवलदार सुखप्रीत सिंह ने भी गुप्त सूचना के आधार पर गांव फूलेवाला में छापेमारी कर आरोपित जगसीर सिंह को 200 लीटर लाहन समेत गिरफ्तार कर मामला दर्ज किया गया

पानी वाला खाल तोड़ा, सगे भाइयो समेत चार लोगों पर मामला दर्ज

बठिंडा :गांव लेहरा मोहब्बत में कुछ लोगों ने पानी वाला खाल तोड़ दिया। थाना नथाना पुलिस ने महिला की शिकायत पर आरोपित सगे भाइयो समेत चार लोगों पर मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस को शिकायत देकर विधवा अमनदीप कौर निवासी गांव लेहरा मोहब्बत ने बताया कि उसका उनके गांव के रहने वाले आरोपित दर्शन सिंह, उसके भाई जलौर सिंह, बिंदू सिंह व मीत सिंह के साथ खेत से निकलने वाले पानी खाल को लेकर विवाद चल रहा था। इसके चलते आरोपित उसे अपने खेतों में खाल बनाने नहीं दे रहे थे। खाल बनवाने के लिए उसे डिप्टी कमिश्नर बठिेंडा को लिखित शिकायत दी थी। उसकी शिकायत के बाद डिप्टी कमिश्नर बठिंडा के आदेशों पर गत 22 जनवरी को नहरी विभाग के अधिकारियों ने कानूगो, तहसीलदार व भुच्चो पुलिस चौकी की अगुवाई में पानी का खाल बनवाया था। जिसे उक्त आरोपितों ने तोड़ दिया। पुलिस ने आरोपित दर्शन सिंह, उसके भाई जलौर सिंह, बिंदू सिंह व मीत सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है।

एक व्यक्ति को दड़ा सट्टा लगवाते हुए गिरफ्तार किया

बठिंडा : थाना सिटी रामपुरा पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर रामपुरा मंडी से एक व्यक्ति को दड़ा सट्टा लगवाते हुए गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपित से पुलिस ने 1810 रुपये की नकदी बरामद की गई। जिसके खिलाफ जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया है। एएसआइ रवनीत सिंह के मुताबिक पुलिस को सूचना मिली कि रामपुरा मंडी निवासी हनी कुमार दड़ा सट्टा लगवाने का काम करता है। पुलिस ने मौके पर छापेमारी कर आरोपित हनी कुमार को रंगे हाथाें गिरफ्तार कर मामला दर्ज किया गया।

पिकअप गाड़ी ने मोटरसाइकिल सवार एक व्यक्ति को टक्कर मारकर गंभीर रूप से घायल किया

बठिंडा : संगत मंडी के गांव चक रूलदू सिंह वाला में एक ट्राले ने आगे जा रहे एक पिकअप गाड़ी को टक्कर मार दी, जिसे पिकअप गाड़ी ने मोटरसाइकिल सवार एक व्यक्ति को टक्कर मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। थाना संगत पुलिस ने घायल व्यक्ति की शिकायत पर आरोपित ट्राला चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस को शिकायत देकर अमित कुमार निवासी परसराम नगर बठिंडा ने बताया कि गत 27 जनवरी को आरोपित भगवान सिंह निवासी राजस्थान ने अपने ट्राले से आगे जा रहे एक पिकअप गाड़ी को टक्कर मार दी। जिसके कारण पिकअप गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया और उसने उसके भाई प्रदीप कुमार जोकि मोटरसाइकिल पर सवार होकर जा रहा था, उसे टक्कर मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। हादसा गांव चक रूलदू सिंह वाला के पास हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है।

मोटरसाइकिल चोरी करने वाले एक युवक को गिरफ्तार कर मामला दर्ज किया

बठिंडा :थाना कैनाल कालोनी पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी करने वाले एक युवक को गिरफ्तार कर मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपित से चोरी का एक मोटरसाइकिल भी बरामद किया है। पकड़े गए आरोपित को अदालत में पेश कर पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड पर लिया है, ताकि उसके साथियों की पहचान कर उन्हें भी गिरफ्तार किया जा सके। एएसआइ अक्ष्य कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि बठिंडा के साई नगर का रहने वाला आरोपित दलवीर सिंह मोटरसाइकिल चोरी करने का आदि है। अगर आरोपित को गिरफ्तार किया जाएं, तो उसे चोरी के बाइक बरामद हो सकते है। सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपित दलवीर सिंह को गिरफ्तार कर उसके पास से बिना नंबर प्लेट वाला एक मोटरसाइकिल बरामद किया गया, जोकि उसने चोरी किया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है।

बेटे व भाई के साथ मिलकर अपनी ही पत्नी के घर में दाखिल हाेकर तोडफोड़ की

बठिंडा :परिवारिक विवाद के चलते गांव चक राम सिंह वाला में एक व्यक्ति ने अपने बेटे व भाई के साथ मिलकर अपनी ही पत्नी के घर में दाखिल हाेकर तोडफोड़ की और मौके से फरार हो गए। थाना नथाना पुलिस ने पीड़ित महिला की शिकायत पर आरोपित पति समेत तीन पर मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में परमजीत कौर पत्नी भजन सिंह निवासी गांव चक राम सिंह वाला ने बताया कि उसका अपने पति व उसके परिवार वालों के साथ घरेलू विवाद चल रहा है। जिसके चलते वह अपने पति से अलग घर में रहती है। गत 19 जनवरी को उसका पति भजन सिंह, बेटा जंटा सिंह व देवर जगसीर सिंह निवासी गांव चक राम सिंह वाला जबरदस्ती उसके घर में दाखिल हुए और तोड़फोड़ करने लगे। जब उसने विरोध किया, तो आरोपितों ने घर में लगे शीशे भी तोड़ दिए और बाद में मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद आरोपित लोगों पर मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है।

कृष्ण कांनटीनेंटल हाेटल के मालिक का सोने का कड़ा चोरी

बठिंडा: शहर के कृष्ण कांनटीनेंटल हाेटल के मालिक का सोने का कड़ा चोरी हो गया। एक्योप्रेशर करने आए युवक ने ही कड़ा चोरी किया था, जोकि आफिस में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। जिसके बाद आरोपित को गिरफ्तार कर थाना सिविल लाइन पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपित पर चोरी का मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस को शिकायत देकर विवेक मित्तल निवासी माल रोड बठिंडा ने बताया कि आरोपित मौड मंडी वासी जतिंदर सिंह एक्योप्रेशर का काम करता है। गत 28 जनवरी को उसने आरोपित को एक्योप्रेशर करवाने के लिए अपने होटल के दफ्तर में बुलाया था। जब आरोपित उसकी एक्योप्रेशर कर रहा था, तो उसने अपना 14 ग्राम वाला सोने का कड़ा हाथ से उतारक टेबल पर रख दिया था, जिसे आरोपित बड़ी चलाकी से चोरी कर अपने पास रख लिया। जब वह एक्योप्रेशर करने के बाद चला गया और उसने अपना कड़ा तलाश किया, तो वह गायब था। जिसके बाद उन्होंने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज चेक की, तो उक्त घटना कैद थी। जिसके बाद आरोपित को पकड़कर उसे चोरी किया सोने का कड़ा बरामद कर लिया गया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया।

अदालत से गैरहाजिर रहने वाली एक महिला के खिलाफ केस दर्ज 

बठिंडा। थाना फूल पुलिस ने अदालत से गैरहाजिर रहने वाली एक महिला के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई अदालत के आदेशों पर की है। मामले की जानकारी देते हुए हवलदार सुखप्रीत सिंह ने बताया कि रवनीत सिंह ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट फर्स्ट क्लास फूल की अदालत में गांव मलूका की रहने वाली आरोपित महिला अनमोलप्रीत कौर भुल्लर के खिलाफ एक मामला दायर है। उस मामले की सुनवाई के लिए अदालत की तरफ से कई बार आरोपित युवती को समन भेजकर निजी तौर पर पेश होने के आदेश दिए थे, लेकिन युवती ने अदालत के आदेशों को नहीं मानते हुए वह लगातार अदालत की पेशी से गैरहाजिर रही। इसके चलते अदालत ने युवती अनमोलप्रीत कौर के खिलाफ केस दायर करने के आदेश पुलिस को दिए थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस ने मारपीट के विभिन्न चार मामलों में 12 लोगों पर मामला दर्ज

बठिंडा : जिला पुलिस ने मारपीट के विभिन्न चार मामलों में 12 लोगों पर मामला दर्ज किया है। सभी मामलों में ज्यादातरह मारपीट की वजह पुराना झगड़ा है। संबंधित थानों की पुलिस ने आरोपित लोगों पर मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल किसी भी मामले में आरोपित की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। थाना कैनाल कालोनी पुलिस को शिकायत देकर राजेश कुमार निवासी एसएएस नगर बठिंडा ने बताया कि उसका आरोपित अजय अमन निवासी हंस नगर बठिंडा व पिंका निवासी परसराम नगर बठिंडा के साथ पैसे लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। इसके चलते गत 21 जनवरी को दोनों आरोपितों ने उसे प्रताप नगर में घेरकर मारपीट की और उसे घायल कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी तरह थाना थर्मल पुलिस को भी शिकायत देकर जगदेव सिंह निवासी गुरु गोबिंद सिंह ने बताया कि गत 27 जनवरी को आरोपित लवप्रीत सिंह निवासी गुरू गोबिेंद सिंह नगर बठिंडा व गुरशरण सिंह निवासी दाना मंडी और एक अज्ञात व्यक्ति ने उसे बीच रास्ते में घेरकर मारपीट की और उसे घायल कर दिया। मारपीट करने की वजह पुराना झगड़ा है। पुलिस ने आरोपितों पर मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं थाना नेहियांवाला पुलिस को शिकायत देकर गांव भोखड़ा निवासी हरभगवान सिंह ने बताया कि उसका आरोपित जगसीर सिंह निवासी भोखड़ा के साथ पुराना विवाद चल रहा है। जिसकी रंजिश में गत 22 जनवरी को आरोपित ने उसे जान से मार देने की नीयत से उसपर लोहे की राड़ से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। उपचार के लिए उसे मोहाली के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जबकि पुलिस ने मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद आरोपित जगसीर सिंह पर मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है।

इसके अलावा थाना सदर बठिंडा पुलिस ने गांव विर्क कलां में दो पक्षों में हुए विवाद में तीन महिलाओं समेत कुल छह लोगों पर क्रास मामला दर्ज किया है। मामले के जांच अधिकारी एएसआइ गुरमीत सिंह ने बताया कि पहले पक्ष के गुरदीप सिंह ने शिकायत देकर बताया कि आरोपित जसप्रीत कौर व उसके दोनों बेटे यादविंदर सिंह व लाभबिंदर सिंह ने मिलकर उसके साथ मारपीट की और उसे घायल कर दिया, जबकि दूसरे पक्ष की जसप्रीत कौर ने भी आरोपित निर्मल सिंह, जसवीर कौर, प्रीत कौर पर उसके साथ मारपीट करने के आरोप लगाते हुए लिखित शिकायत दी। पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान लेकर छह लोगों पर क्रास केस दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है।

-----