HOME PAGE

HOME PAGE

शनिवार, 13 मार्च 2021

Raid In Ludhiana: लुधियाना में CGST की छापामारी, 700 करोड़ की बोगस बिलिंग में AAP नेता सहित पांच गिरफ्तार


खन्ना (लुधियाना)।
सेंट्रल गुड्स एंड सर्विस टैक्स (CGST) ने शनिवार सुबह खन्ना में पंजाब भर से आई नाै टीमों ने कई इलाकों में रेड की। इस दौरान पांच लोगों को कर चोरी के मामले में पकड़ा गया है। इनमें एक एक आम आदमी पार्टी के टिकट पर पिछले महीने ही खन्ना नगर कौंसिल चुनाव लड़ने वाला आप नेता भी शामिल है। विभाग के अनुसार कुल 700 करोड़ की बोगस बिलिंग इस गिरोह के सदस्यों ने की है।

जानकारी के अनुसार विभाग की टीम ने तड़के साढ़े चार से पौने पांच बजे के बीच खन्ना में एक साथ नाै ठिकानों पर छापामारी की। तलाशी अभियान के दाैरान पांच लोगों को काबू किया गया। आरोपितों को पकड़ कर पीडब्ल्यूडी विभाग के भट्टियां स्थित रेस्ट हाउस ले जाया गया। वहां उनसे पूछताछ के बाद पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया जबकि दाे आरोपित फरार बताए जाते हैं।

विभाग के एडिशनल कमिश्नर शौकत अहमद परे ने बताया कि नाै टीमों की तरफ से छापामारी की गई थी। कुछ समय पहले पकड़ी गई एक गाड़ी से सुराग मिला था कि दिल्ली के मार्फत पंजाब में बोगस जीएसटी बिलिंग का खेल चल रहा है। उसके बाद मामले की जांच की गई। इससे पता चला कि कुछ लोग बिना बिल के मंडी गोबिंदगढ़ में फर्नेसों को माल बेच देते हैं। उसके बाद उसकी बोगस बिलिंग की जाती है। कुल 700 करोड़ रुपए की बिलिंग की गई थी। इससे विभाग को 122 करोड़ का चूना लगा। कुल 44 फर्में आरोपितों ने बना रखी थी।

टीम में होशियारपुर, लुधियाना, पटियाला, जालंधर, फतेहगढ़ साहिब समेत कई जिलों की टीमें शामिल रही। एटीसी मनजीत चीमा, ईटीओ अमन गुप्ता, ईटीओ सौरभ सिंगला, ईटीओ रुद्र मनी शर्मा, ईटीओ डॉ हरप्रीत सिंह, ईटीओ अरविंद शर्मा, ईटीओ बलदीप कर्ण सिंह, ईटीओ कमलप्रीत सिंह, ईटीओ करणवीर सिंह इन 9 टीमों को लीड कर रहे थे।

अकाउंटेंट के घर से दस्तावेज बरामद

एडिशनल कमिश्नर परे ने बताया कि जांच में उन्होंने देखा कि 10 हजार रुपये महीना कमाने वाले एक व्यक्ति के बैंक खाते में 13 करोड़ रुपये की ट्रांजेक्शन थी। इसकी जांच की गई तो परतें खुलने लगीं। एक अकाउंटेंट के घर पर भी रेड कर वहां से दस्तावेज बरामद किए हैं। सीपीयू को क्रैक करने की कोशिश विभाग कर रहा है। इससे बड़े खुलासे हो सकते हैं।

एनएचएआइ ने लगाया टेंडर, 1693 करोड़ रुपये से बनेगा बठिडा-लुधियाना एक्सप्रेस वे


बठिडा।
लुधियाना-अजमेर इकोनामिक कोरिडोर का निर्माण करने के लिए बठिडा से लुधियाना तक बनाए जाने एक्सप्रेस-वे को लेकर नेशनल हाईवे अथारिटी आफ इंडिया (एनएचएआइ) की ओर से टेंडर जारी किया गया है। इसकी अनुमानित लागत 1693 करोड़ रुपये है। इस प्रोजेक्ट के पूरा होने के बाद बठिडा से लुधियाना आने जाने वालों को काफी सुविधा मिलेगी। इस समय बठिडा से लुधियाना जाने के लिए तीन घंटे का समय लगता है। मगर रोड के बनने के बाद यह समय ढाई घंटे से भी कम रह जाएगा।

दूसरी तरफ रोड निर्माण को लेकर जिन गांवों से जमीन को एक्वायर किया जाना है, उनको लेकर नोटिफिकेशन भी जारी कर दिया गया है। बठिडा, बरनाला व लुधियाना तीन जिलों की जमीन को रोड के लिए लिया जाएगा। यह एक्सप्रेस-वे ग्रीन फील्ड होगा। हालांकि लुधियाना से रोड निकलने के बाद यह बठिडा के रामपुरा तक बनाई जाएगी, जिसके बाद यह आगे अमृतसर से जामनगर तक बनने वाली रोड के साथ रामपुरा के पास जुड़ेगी। इसके साथ ही यह रोड आगे बठिडा से डबवाली तक बनने वाली सिक्स लेन रोड के साथ जुड़ेगी। इन सभी सड़कों के आपस में कनेक्ट होने के बाद पंजाब के विभिन्न शहरों से आने वाले लोगों को जामनगर व अजमेर तक जाना काफी आसान हो जाएगा। 

अमृतसर-जामनगर हाईवे के लिए चार जिलों की जमीन का अधिग्रहण शुरू

अमृतसर-जामनगर हाईवे के लिए पंजाब के चार जिलों से जमीन अधिग्रहण को लेकर प्रोसेस शुरू हो गया है। यह प्रोजेक्ट दिल्ली-कटड़ा एक्सप्रेस-वे को जोड़ते हुए सल्तानपुर लोधी के गांव टिब्बा से निकलेगा, जो बठिडा के संगत कलां तक पंजाब में बनाया जाएगा। इसके बाद आगे यह बठिडा से डबवाली तक बनने जा रही सिक्स लेन रोड के साथ जुड़ जाएगा। इस हाईवे के पूरा होने के बाद अमृतसर से जामनगर की दूरी 1430 किलोमीटर से कम होकर 1316 किलोमीटर की रह जाएगी, जबकि इसको बनाने का मकसद अमृतसर-जामनगर के बीच ट्रांसपोर्ट के अलावा पंजाब के बठिडा, राजस्थान के बाड़मेर व गुजरात के जामनगर की रिफाइनरी को आपस में जोड़ना है। यह देश का पहला ऐसा एक्सप्रेस-वे होगा, जो तीन रिफाइनरियों को आपस में जोड़ेगा।

सिक्स लेन रोड के साथ जुड़ेगा हाईवे 

अमृतसर-जामनगर तक बनने वाला हाईवे दिल्ली-कटड़ा एक्सप्रेस हाईवे के साथ सुल्तानपुर लोधी से जुड़ेगा। इसके बाद यह बठिडा तक 155 किलोमीटर बनाया जाएगा। इसके साथ ही लुधियाना के मुल्लांपुर से एक अलग एक्सप्रेस हाईवे बठिडा तक बनाया जाएगा ताकि इसको लुधियाना के साथ जोड़ा जा सके। इसके बाद यह आगे बठिडा से डबवाली तक बन रही सिक्स लेन रोड के साथ संगत कलां से जुड़ेगा। इन सब के आपस में जुड़ने के बाद अमृतसर व लुधियाना दो मुख्य शहर बठिडा में आकर इस रोड को लिक कर जाएंगे। इसके बाद राजस्थान के हनुमानगढ़ से आगे अमृतसर जामनगर एक्सप्रेस हाईवे सूरतगढ़, बीकानेर के रास्ते से निकलेगा। वहीं हनुमानगढ़ से अजमेर तक बन रही रोड के साथ यह हनुमानगढ़ में लिक कर जाएगा। इसके चलते पंजाब के अमृतसर व लुधियाना इकोनामिक कोरिडोर के द्वारा गुजरात के जामनगर व राजस्थान के अजमेर के साथ लिक होंगे। इसके अलावा लुधियाना के मुल्लांपुर से रोपड़ के लिए भी अलग सड़क बनाई जाएगी।

इन गांवों से होगी जमीन एक्वायर

जिला: बठिडा

- रामपुरा सब डिविजन : गांव कालोके, बुर्ज गिल, ढिपाली, फुलेवाला, ढिगड़, पट्टी कर्मचंद मेहराज, फूल, हरनाम सिंह वाला, सिधाना, पट्टी काला मेहराज, मेहराज, फूल व सेलबराह

- बठिडा सब डिविजन : गांव बुर्ज ढला, भैणी, पूहला, बाठ व माड़ी से जमीन को एक्वायर किया गया। जिला: बरनाला

- बरनाला सब डिविजन : गांव छिन्नीवाल कलां, चाननवाल व ईश्र सिंह वाला

- तपा सब डिविजन बल्लोके, संधू कलां, दीपगढ़, बडाटा, बुर्ज फतेहगढ़, भोतना, चुंग, भीला, कोठे जंदसर, मोर मकसुधा, बुर्ज व चुंगन

- भदौड़ सब डिविजन गांव गगेवाल, सादोवाल, छिन्नीवाल खुर्द, नारायणगढ़ सोहियन, गेहल, पट्टी दीवाना, रामगढ़, टलेलवाल, माझुके, सहना, मलियन, नैनेवाला, भदौड़ व दीवाना

- धनौला सब डिविजन : गांव राइया जिला: लुधियाना

- मेहल कलां सब डिविजन गांव धनेर व मूम

- लुधियाना ईस्ट सब डिविजन गांव गुर्जरवाल व फलेलवाल

- लुधियाना वेस्ट सब डिविजन : गांव नारंगवाल कलां, बल्लोवाल, चामिडा, धपाई, सराभा, सहोली, खंदूर, खानपुर, रुरका, मोही, जांगपुर, ढाट, पंडोरी, रकबा, जोधां, नारंगवाला खुर्द व सुधर

- रायकोट सब डिविजन : गांव हिसोवाल, बधेल, घुमान, तुगल, ब्रिच, आटियाना, नूरपुर, राजोआना खुर्द, राजोआना कलां, हेरान, छज्जावल, तलवंडी राय, बुर्ज हरी सिंह वाला, रूपा पट्टी, गोंडवाल, बरमी, बुर्ज लित्तन, कीले, तोसा, रत्तोवाल, अब्बूवाल, लील, पखोवाल, डांगोन, शाहपुर, जलालडीवाल, धूरकोट, चक्क भाईका, नाथोवाल, बोपराय खुर्द, रामगढ़ सिवियां, शाहजहांपुर, बसियन, सिलोनी, बुर्ज नकलिन, उमरपुरा, बिजला, हलवाड़ा, अकालगढ़, भोरा साहिब, गुरुसर सुधर, चक्क छज्जावल, कमलपुरा, कोठे मुल्लांपुर व रायकेट

- जगराओं सब डिविजन : सुजापुर, हंस कलां, बर्डेके, पाबबियन, कुल्लर, जस्सोवाल, बोपराय कलां व कोठे हंस

अमेरिका की जेल से भागकर भारत आया, 15 साल बाद जालंधर में यूं पकड़ा गया, जानें पूरा मामला


जालंधर।
अमेरिका की जेल से भागे एक एनआरआइ को 15 साल बाद भारत में गिरफ्तार किया गया है। भारत में उसकी गिरफ्तारी अमेरिका के केस के बदले नहीं बल्कि 12 दिसंबर को हत्या के प्रयास में केस में हुई। इससे पहले भी आरोपित कपूरथला की जेल में एक अन्य हत्या के प्रयास के केस में सजा पूरी कर चुका है। करीब छह महीने पहले ही सजा पूरी कर लौटा था और 12 दिसंबर को एक और वारदात को अंजाम दिया। उसके बाद से फरार चल रहे आरोपित को तीन महीने बाद फिल्लौर की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ के दौरान सामने आया कि अमेरिका में भी वह जेल से भागा था और फर्जी दस्तावेज के आधार पर पहले कनाडा गया और वहां से भारत आ गया। उसके बाद से भारत में ही रह रहा है। आरोपित की पहचान अमेरिका के सेन फ्रांसिस्को के रहने वाले सुखदीप सिंह उर्फ दीपा के रूप में हुई। यहां वह गोराया के नजदीकी गांव पत्ती खालसा में रह रहा था।

डीएसपी फिल्लौर सोहेल मीर कासिम ने बताया कि 2002 में सुखदीप को अमेरिका की एजेंसी ने 62 किलो पाउडर, 39000 प्रतिबंधित गोलियों व 40000 डालर ड्रग मनी के साथ पकड़ा था। उसे वहां 17 साल की सजा सुनाई गई थी। वहां आरोपित तीन साल तक जेल में रहा और शिफ्टिंग के दौरान मौका पाकर वहां से भाग निकला। उसके बाद अमेरिका से कनाडा पहुंचा और फिर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर भारत लौट आया

2017 में हत्या के प्रयास में सजा काट चुका

आरोपित सुखदीप पर चार साल पहले भी एक व्यक्ति को जान से मारने के आरोप में केस दर्ज हुआ था। इस मामले में आरोपित कपूरथला की जेल में बंद था और 6 महीने पहले ही वह जेल से छूटकर आया था। बाहर आते ही उसने एक और वारदात को अंजाम दिया।

हत्या के प्रयास मामले में थी आरोपित की तलाश

12 दिसंबर को पद्दी खालसा निवासी सुरेंद्र पाल सिंह साइकिल पर खेत जा रहा था। इस दौरान सफारी सवार छह युवकों ने तेजधार हथियारों से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था। इस मामले में पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया था। डीएसपी ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि एक आरोपित गांव मूसापुर में रह रहा है। सूचना के आधार पर उसे पकड़ लिया गया। दो दिन के रिमांड के दौरान अमेरिका में जेल से भागने की बात सामने आई। उसे दोबारा चार दिन के रिमांड पर लिया गया है।