HOME PAGE

HOME PAGE

रविवार, 28 मार्च 2021

बठिंडा के माल रोड से पप्पू लाटरी वाले का पैसों से भरा बैग चोरी, 30 हजार की नगदी के साथ डेढ़ लाख की लाटरी लेकर फरार


बठिंडा.
माल रोड पर लाटरी बेचने का काम करने वाले एक एजेंट का पैसों वाला बैग एक चोर चुरा ले गया। एजेंट ने इस संबंध में पुलिस को शिकायत दे दी है। आरोपी चोर सीसीटीवी में कैद हो गया। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। माल रोड पर लाटरी की स्टाल लगाने वाले पप्पू लाटरी वाले ने बताया कि वो गोनियाना मंडी में रहता है।वो रोजाना की तरह शुक्रवार को सुबह अपनी लाटरी वाली स्टाल पर पहुंचा। उसने अपना बैग को स्टाल पर रखा और पास ही कोई काम के लिए चला गया, जब कुछ मिनट बाद वो वापस आया तो देखा कि उसका बैग गायब था। पप्पू ने बताया कि उसके बैग में 30 हजार रुपए नकद और डेढ़ लाख रुपए की लाटरियां थीं। इस संबंध में पुलिस को शिकायत दे दी है।

पीओ स्टाफ ने राजस्थान से पकड़ा नशा तस्करी मामले में भगोड़ा

बठिंडा. पीओ विंग ने नशा तस्करी के मामले में भगोड़ा चल रहे एक व्यक्ति को राजस्थान के चुरू से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अमृतपाल सिंह उर्फ अमरी वासी नथाना के तौर पर हुई है। पीओ विंग के इंचार्ज राजिंदर सिंह ने बताया कि अमृतपाल सिंह के खिलाफ थाना कैंट में चिट्टे का केस दर्ज किया गया था। आरोपी कई सालों से अदालत से भगोड़ा चल रहा था। जिसे पकड़ने के लिए एएसआई देसराज पुलिस टीम के साथ राजस्थान के चुरू में पहुंचे,जहां पुलिस टीम ने अमृतपाल को गिरफ्तार कर लिया। एएसआई देसराज ने बताया कि आरोपी नाम बदलकर रह था, जो यहां पर चुनरी रंगने का काम करता था। आराेपी को गिरफ्तार करने के बाद थाना कैंट के हवाले कर दिया है।




BATHINDA/ विधायक नारंग पर किए कातिलाना हमले के विरोध में भाजयुमों का विरोध प्रदर्शन, सरकार का पुतला जला राष्ट्रपति शासन की रखी मांग


बठिंडा.
मलोट में भाजपा के विधायक अरुण नारंग पर किए गए कातिलाना हमले और कपड़े फाड़ने के विरोध में भारतीय जनता पार्टी की युवा इकाई भाजपा युवा मोर्चा ने शहर में विरोध प्रदर्शन कर कैप्टन सरकार का पुतला जलाया वही मामले में राष्ट्पति को ज्ञापन भेज राज्य में बिगड़ती कानून व्यवस्था के मद्देनजर राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग की गई। भाजयुमों की तरफ से पूरे प्रदेश में प्रदेशाध्यक्ष भानु प्रताप के दिशा निर्देशों पर रोष व्यक्त करते हुए कैप्टन सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई वही पुतला जलाया गया। इस रोष प्रदर्शन में भाजपा प्रदेश के उपाध्यक्ष दयालदास सोढ़ी व जिला अध्यक्ष विनोद विंटा विशेष रूप से शामिल हुए। भाजपा युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष संदीप अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस सरकार के गुंडों की तरफ से भाजपा के विधायक पर किया गया हमला कायराना हरकत है। जिसे कभी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष दयालदास सोढ़ी ने कहा कि कांग्रेस लोगों का विश्वास जीतने में नाकाम रही है जिसके चलते ऐसी हरकतें करवा कर लोगों को डराना चाहती है। भाजपा के जिलाध्यक्ष विनोद बिंटा ने कहा कांग्रेस सरकार पूरे प्रदेश में रोजगार देने व नशा खत्म करने में नाकाम रही है अब जब भाजपा कांग्रेस सरकार की पोल खोल रही है तो उनके नेताओं को डराने के लिए किसानों के नाम पर सरकार गुंडागर्दी करवाने में लगी है।  युवा मोर्चा के प्रदेश सचिव अशुतोष तिवाडी ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस ने चार साल में कोई काम नही किया, जिसके चलते गुंडागर्दी कर रही है। सन्दीप अग्रवाल ने कहा कि अगर सरकार मौजूदा विधायक की सुरक्षा नहीं कर सकती, तो आम जनता का क्या हाल होगा। प्रदेश मीडिया प्रभारी सुनील सिंगल ने कहा कि राजनीतिक गुंडों को तुरन्त गिरफ्तार कर  सख्त सजा मिलनी चाहिए, ताकि सोहार्द कायम रह सके। इस मौके पर  नेशनल काउंसिल मैम्बर मोहन लाल गर्ग, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य मोहित गुप्ता, विजय सिंगला, नरिंदर मित्तल, नवीन सिंगला , पूर्व डिप्टी मेयर गुरिंदर मांगट, नीरज जौड़ा, कंचन जिंदल, जिला महामंत्री उमेश शर्मा, वरिंदर शर्मा, रिशु गर्ग,  बबीता गुप्ता, राजेश नोनी, अशोक बालियांवाली, मुनीश मित्तल, जयंत शर्मा, हरीश बाबू, राम पुकार, रवि मौर्य, दलजीत खुरमी, दीपक कलोई, मुनीश शर्मा, अशोक कुमार , मनोज कुमार जैन, रविन्द्र कुमार, जर्मन गहरी, हर्ष मित्तल गगन गोयल, संजीव डागर, ऋषव जैन, सागर, संजय, दीपक चार्ली व अन्य कार्यकर्ता हाजिर थे।

फोटो सहित-बीटीडी-34,35-भाजपा के नेता विरोध प्रदर्शन कर कैप्टन सरकार का पुतला जलाते वही भाजपा विधायक पर हुए हमले के विरोध में प्रदर्शन करते भाजपा नेता। 


Attack on BJP MLA in Punjab: हमले के विरोध में पंजाब में उबाल, भाजपा का कई जगह रोष प्रदर्शन, संयुक्त किसान मोर्चे ने किया घटना से किनारा


पटियाला/बठिंडा/संगरूर/लुधियाना। मुक्तसर के मलोट में भाजपा विधायक अरुण नारंग पर हुए जानलेवा हमले एवं कपड़े फाड़ने जैसी घटना से गुस्साए भाजपाइयों ने आज पटियाला में अनारदाना चौक पर पंजाब सरकार के खिलाफ अर्धनग्न अवस्था में रोष प्रदर्शन कर सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह का पुतला भी फूंका। वहीं, घटना को लेकर किसान नेताओं ने किनारा कर लिया है। संयुक्त किसान मोर्चा का कहना है कि मारपीट करना उनके एजेंडे में नहीं है। 


बठिंडा में फायर ब्रिग्रेड चौक में भाजपा युवा मोर्चा ने कैप्टन सरकार का पुतला जलाकर विरोध प्रदर्शन किया वही भाजपा के जिला शहरी प्रधान विनोद कुमार बिंटा ने कहा कि पंजाब में कैप्टन सरकार कानून व्यवस्था बनाए रखने व लोगों की जानी व माली सुरक्षा करने में नाकाम रही है। इस स्थिति में पंजाब में राष्ट्रपति शासन लागू किया जाना चाहिए। वही भाजपा युवा मोर्चा के प्रधान संदीप अग्रवाल ने भी कैप्टन सरकार पर हमला करते राज्य में भाजपा विधायक पर हुए हमले की निंदा करते सख्त कानूनी कारर्वाई की मांग की। वही आरोप लगाया कि किसान आंदोलन के नाम पर कांग्रेस राज्य मेें विपक्ष को दबाने की कोशिश कर रही है व प्रयोजित हमले करवाए जा रहे हैं।


पटियाला में पंजाब सरकार के खिलाफ रोष प्रदर्शन करते भाजपा नेता। 

पटियाला में भाजपा के जिला प्रधान हरिंदर कोहली, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एसके देव एवं सुखविंदर कौर नौलखा की अगुवााई में पंजाब सरकार के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया गया। भाजपा नेताओं की मांग है कि भाजपा के विधायक अरुण नारंग के साथ हुई इस शर्मनाक घटना के आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए और पंजाब सरकार इस्तीफा दे।


पंजाब में तुरंत राष्ट्रपति शासन लागू करने की मांग

मलोट में विधायक अरुण नारंग पर हुए हमले के विरोध में संगरूर में भी भाजपा नेताओं ने जिला प्रधान रणदीप दियोल की अगुवाई में प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह का पुतला फूंका और पंजाब में तुरंत राष्ट्रपति शासन लागू करने की मांग की। भाजपाइयों ने एलान किया कि यदि सरकार की शह पर पंजाब पुलिस उनकी सुरक्षा नहीं कर सकती तो अब वह अपनी सुरक्षा खुद करेंगे और ऐसी घटनाओं का मुंहतोड़ जवाब देंगे। 

संगरूर में लाल बत्ती चौक पर प्रदर्शन करते भाजपाई। जागरण

हरियाणा के सीएम ने भी की घटना की निंदा

पंजाब में बीजेपी विधायक से हुई मारपीट की हरियाणा के सीएम मनोहर लाल ने भी निंदा की है। सीएम ने ट्वीट कर लिखा- पंजाब के अबोहर विधानसभा क्षेत्र से विधायक अरुण नारंग जी के साथ मलोट में हुई जानलेवा और अभद्र घटना की मैं निंदा करता हूं, जनता के निर्वाचित प्रतिनिधि के साथ ऐसी घटना पंजाब में कानून व्यवस्था और कांग्रेस सरकार की विफलता का प्रतीक है।

लुधियाना कार्यालय में बढ़ी सुरक्षा

मलोट में भाजपा विधायक के साथ हुई घटना के बाद लुधियाना पुलिस ने लुधियाना में भाजपा के जिला कार्यालय की सुरक्षा बढ़ा दी है। भाजपा कार्यालय के बाहर बेरिकेटिंग कर पुलिस फोर्स तैनात की जा रही है। मलोट में भाजपा विधायक पर हुए हमले के बाद पूरे प्रदेश में भाजपाइयों गुस्सा सातवें आसमान पर है। 

किसान नेता बोले- हमला करना हमारे एजेंडे में नहीं

भाजपा विधायक अरुण नारंग पर हुए हमले के बाद किसान नेता हिंसा की घटना के किनारा कर रहे हैैं। संयुक्त किसान मोर्चा के कन्वीनर दर्शनपाल ने कहा कि किसी भी नेता के कपड़े फाड़नेे या उसके साथ मारपीट करना हमारे एजेंडे में नहीं है। जिन्होंने भी यह काम किया बहुत गलत किया है, लेकिन इसकी जिम्मेदार केंद्र सरकार है। केंद्र की गलती पर लोग छोटे नेताओं पर गुस्सा निकाल रहे हैं।

भाकियू उगराहां के प्रदेश महासचिव शिंगारा सिंह मान ने कहा कि यह घटना बेहद निंदनीय है। विरोध प्रदर्शन किसी हद तक रहना चाहिए। सरकार को भी समझना चाहिए कि लोग कब तक सब्र करेंगे। इस घटना की जिम्मेदार केंद्र सरकार है। अभी हमें यह पता नहीं चल पाया है कि वहां पर कौन सी यूनियनों के सदस्य थे, लेकिन कुछ वीडियो मिले हैैं, जिसमें हमारे संगठन का कोई झंडा नहीं दिखा।

भाकियू उगराहां के वरिष्ठ उपाध्यक्ष मोठू सिंह कोटड़ा ने कहा कि कपड़े फाड़ना या हमला करना गलत है। हम काले झंडे दिखाकर रोष प्रदर्शन कर सकते हैं। हमला निंदनीय है और यह शरारती तत्वों का काम हो सकता है। किसान एकता मोर्चा के प्रधान रुलदू सिंह मानसा ने कहा कि हम संयुक्त मोर्चे की बैठक कर रहे हैं। हम इस मामले की पड़ताल करेंगे। इसके बाद ही कुछ कहा जा सकता है।

पड़ताल करने के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा

भाकियू सिधुपुर के प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष काका सिंह कोटड़ा ने कहा कि हमारे और कुछ और संगठनों के सदस्य घटनास्थल पर थे। संयुक्त किसान मोर्चा ने शांतिमय विरोध के लिए कहा गया है, लेकिन पता नहीं वहां पर क्या हालात बने होंगे कि लोगों को इस घटना को अंजाम देना पड़ा। हमारे संगठन के प्रधान इस मामले की पड़ताल करेंगे, अगर इस घटना में हमारे संगठन के सदस्यों की भूमिका सामने आई तो वह इसकी जिम्मेदारी लेंगे। पड़ताल करने के बाद रविवार को मुक्तसर में मीडिया से बात की जाएगी।

जनता नगर अबोहर रेलवे लाइन पुल के पास नवयुवक की वृक्ष से लटकी लाश मिली, आत्महत्या की आशंका

 


बठिंडा। रविवार प्रातः 6 बजे जनता नगर अबोहर रेलवे लाइन पुल के पास उड़िया कॉलोनी के सामने एक वृक्ष पर नवयुवक की लाश लटक रही है की सूचना सहारा मुख्यालय में मिलने पर सहारा जन सेवा की लाइफ सेविंग ब्रिगेड हेल्पलाइन टीम राजेंद्र कुमार, मणिकरण शर्मा तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। वहां पर एक नवयुवक का शव वृक्ष पर लटक रहा था। सहारा टीम ने थाना कैनाल पुलिस को मामले की सूचना दी। पुलिस घटनास्थल पर पहुंची घटना की जांच की मृतक के पास से कोई ऐसी चीज नहीं मिली जिससे मृतक की शिनाख्त हो सके। सहारा टीम ने पुलिस कार्रवाई के बाद मृतक  नवयुवक की लाश को उतार कर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया। सहारा टीम द्वारा लाश को सुरक्षित रख दिया गया है और शिनाख्त के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। युवक ने आत्महत्या की है य फिर उसकी हत्या कर शव को पेड़ से लटकाया गया है इसे लेकर पुलिस जांच कर रही है व मृतक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

 

Bathinda/ कोरोना के दो केस मिले लेकिन दो कोरोना पॉजिटिव की हो गई मौत, सहारा ने किया अंतिम संस्कार


बठिंडा.
रविवार को बेशक जिले में नए कोरोना पोजटिव केस के मामलों में कमी आई है लेकिन इस दौरान दो पोजटिव मरीजों की मौत हो गई। रविवार को फरीदकोट मेडिकल कालेज से मिले रिपोर्ट में दो केस अजीत रोड बठिंडा व एक्सफोर्ड स्कूल भगता से पोजटिव मिले हैं। वही मैक्स अस्पताल बठिंडा में दाखिल कोरोना पॉजिटिव मदन लाल पुत्र बलैती राम उम्र 55 साल वासी रामपुरा फूल की मौत हो गई। उन्हें 26 मार्च को कोरोना पॉजिटिव आने के कारण अस्पताल में दाखिल किया गया था। वही आज सुबह कोरोना पॉजिटिव होने के कारण मृत्यु हो गई। सहारा की करोना वैरीयर्स टीम जग्गा सहारा, संदीप गिल, हरबंस सिंह, सुमित ढींगरा ने मदन लाल के शव को पैक कर कर रामपुरा फूल पहुंचाया जहां स्थानीय श्मशान भूमि में कोरोना वैरीयर्स टीम ने पी.पी.ई. किटस पहन कर पूर्ण सम्मान के साथ संस्कार कर दिया। वही दूसरे पोजटिव व्यक्ति को गुरु गोविंद सिंह मेडिकल कॉलेज फरीदकोट में दाखिल करवाया गया था। कोरोना पॉजिटिव बाई सिंह पुत्र हाकम सिंह उम्र 72 साल को 18 मार्च को कोरोना पॉजिटिव होने के कारण दाखिल किया था। उनकी रविवार प्रातः 8:30 बजे उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। कोरोना वैरीयर्स टीम ने बाई सिंह का शव फरीदकोट से लाकर स्थानीय श्मशान भूमि दाना मंडी में पी.पी.ई. किटस पहन कर पूर्ण सम्मान के साथ संस्कार कर दिया। वही फरीदकोट मेडिकल कालेज से मिले सैंपलों में राहत वाली बात यह है कि 347 लोंगों  रिपोर्ट नेगटिव मिली है। 


घरेलू झगड़े के चलते पत्नी से की मारपीट, पति समेत पांच ससुरालियों पर केस दर्ज


बठिंडा
. गांव जस्सी पौ वाली में घरेलू झगड़े के चलते एक व्यक्ति ने अपने परिजनों के साथ मिलकर अपनी ही पत्नी से मारपीट की और उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। थाना सदर बठिंडा पुलिस ने घायल महिला की शिकायत पर आरोपित पति समेत पांच ससुरालियों पर मारपीट करने का मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस को शिकायत देकर सुनीता रानी निवासी गांव जस्सी पौ वाली ने बताया कि उसका अपने पति गगनदीप सिंह के साथ घरेलू झगड़ा हो गया था। इसके चलते वह अपने मायके जाकर रहने लगी थी। बीते दिनों वह अपने ससुराल वापस आई, तो उसके पति गगनदीप सिंह, देवर अमनदीप सिंह ननंद गुरमेल कौर, देवरानी राजवीर कौर व ससुर बलवंत सिंह ने मिलकर उसके साथ मारपीट की और उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने सभी आरोपितों पर मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है।


170 लीटर लाहन व 36 बोतल हरियाणा मार्का शराब बरामद

बठिंडा. थाना कैंट व नंदगढ़ पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर विभिन्न जगहों पर छापेमारी कर 170 लीटर लाहन व 36 बोतल हरियाणा मार्का शराब बरामद की है, लेकिन आरोपित पहले ही फरार होने में सफल रहे। पुलिस ने दोनों मामलों में आरोपितों को नामजद कर उनकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास शुरू कर दिए है। थाना कैंट के हवलदार बलविंदर सिंह के मुताबिक पुलिस को सूचना मिली कि गांव भुच्चो खुर्द में अवैध शराब बनाई जाती है। सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी की, तो मौके से 150 लीटर लाहन बरामद की गई, जबकि आरोपित इकबाल सिंह निवासी गांव तुंगवाली फरार होने में सफल रहा। इसके बाद पुलिस ने एक्साइज एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास शुरू कर दिए है। इसी तरह थाना नंगदढ़ के हवलदार गुरमीत सिंह ने भी गुप्त सूचना के आधार पर गांव रायके कलां में छापेमारी कर 20 लीटर लाहन और 36 बोतल हरियाणा मार्का शराब बरामद की, जबकि पहले ही फरार हो चुके आरोपित कुलवीर सिंह निवासी गांव रायके कलां के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास शुरू कर दिए है।

Bottom of Form