HOME PAGE

HOME PAGE

गुरुवार, 24 जून 2021

समाजसेवी संस्था नौजवान वेलफेयर सोसाइटी बठिंडा ने फ्री वेक्सीन कैम्प में 154 लोगों को लगाई वेक्सीन


बठिंडा.
समाजसेवी संस्था नौजवान वेलफेयर सोसाइटी बठिंडा द्वारा कोरोना वायरस की रोकथाम हेतु वीरवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक 11वें फ्री वैक्सीन कैम्प का आयोजन डॉक्टर सोनिया गुप्ता की अगुवाई में सेहत विभाग के सहयोग से नौजवान वेलफेयर सोसाइटी फ्री कोविड सेंटर, किशोरी राम अस्पताल में किया गया। कैंप के दौरान सेहत विभाग की और से आई टीम की तरफ से 18 वर्ष से लेकर अधिक आयु वाले 154 लोगों की मौके पर ही रजिस्ट्रेशन करके कोविड शील्ड तथा को-वेक्सिन की डोज़ लगाई गई तथा वेक्सीन लगवाने वाले सभी लोगों को फ्री ईनामी कूपन दिए गए। कैम्प में वैक्सीन लगवाने वाले हर व्यक्ति को संस्था द्वारा जूस पिलाया गया। कैम्प की देखरेख संस्था के वालंटियर राकेश कांसल, सफल गोयल, साहिब सिंह, राकेश जिंदल द्वारा की गई। इस मौके पर संस्था अध्यक्ष सोनू माहेश्वरी, राजविंदर धालीवाल, रोहित कांसल, अशोक निर्मल, चन्द्र प्रकाश आदि ने अपना विशेष सहयोग प्रदान किया। संस्था की तरफ से 4 जुलाई तक लगातार इसी जगह फ्री वेक्सीन कैम्प लगाया जाएगा।

फोटो-कैंप में वैक्सीनेशन करवाते विभिन्न आयु वर्ग के लोग। 


राष्ट्रीय मार्ग 54ए को 200 फीट चौड़ा करने के लिए अधिग्रहित भूमि का मामला/ गुरतेज ढिल्लों ने पुराने अवॉर्ड रद्द कर नये अवॉर्ड जारी करने के लिये नितिन गडकरी को लिखा पत्र

 -पटियाला से आकर बीजेपी नेता गुरतेज ढिल्लों ने पकड़ा बठिंडा के किसानों का हाथ, पुराना अवॉर्ड रद्द कर दोबारा अवॉर्ड पास करके पर्याप्त मुआवजा दिया जाएगा: गुरतेज ढिल्लों

बठिंडा. भाजपा के वरिष्ठ नेता और इंप्रूवमेंट ट्रस्ट नाभा के पूर्व चेयरमैन स. गुरतेज सिंह ढिल्लों का काम और लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करने का सोच की वजह से ही बठिंडा के किसानों ने उनके सामने अपनी समस्याएं रखीं। जिसके तहत उन्होंने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी जी को पत्र लिखकर इस मुद्दे को हल करने का अनुरोध किया। भाजपा नेता स. ढिल्लों ने जानकारी देते हुए कहा कि बठिंडा जिले से होकर गुजरने वाला राष्ट्रीय मार्ग 54, जो 82 फीट चौड़ा है, जिसे 118 फीट ओर चौड़ा करके 200 फीट किया जाना है, बठिंडा जिले के गांव जोधपुर और पथराला के बीच 10 गांवों की जमीन एक्वायर होगी। भूमि अधिग्रहण के लिए स्थानीय प्रशासन द्वारा अवॉर्ड पास किया गया था। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा गुमराह कर इस सडक़ पर बने मकानों, कारखानों, पेट्रोल पंपों, मैरिज पैलेसों, शैलर आदि स्थानों को भी कृषि क्षेत्र में लेकर केंद्र सरकार को एक रिपोर्ट भेज दी गई थी, जिसके आधार पर अवॉर्ड पास कर दिए गए थे।


उन्होंने बताया कि इस रिपोर्ट की दोबारा जांच की उनकी मांग पर डीसी व एसडीएम बठिंडा की तरफ से कार्यवाही की गई। जांच के बाद यह स्पष्ट हो गया कि उक्त रिपोर्ट गलत है। जिक्रयोगय है कि पुराने एसडीएम की तरफ से मकानों, कारखानों, पेट्रोल पंपों, मैरिज पैलेसों, शैलर आदि स्थानों को भी कृषि क्षेत्र में डालकर रिपोर्ट केंद्र सरकार को भेज दी गई थी। जिस पर केंद्र सरकार की तरफ से अवार्ड जारी कर दिये गये थे। परंतु स. गुरतेज सिंह ढिल्लों की तरफ से यह मामले पूरे जोर-शोर से उठाया गया। उन्होंने उक्त क्षेत्र का दौरा करके डीसी और एसडीएम को लिखित में ज्ञापन देकर रिपोर्ट की दोबारा जांच करने की मांग की थी। स. ढिल्लों ने बताया कि प्रशासन व्यापारिक और कृषि क्षेत्रों की अलग-अलग रिपोर्ट बनाकर केंद्र सरकार को फिर से भेजेगा, ताकि किसानों को उचित मुआवजा मिल सके। उन्होंने बताया कि पुरानी रिपोर्ट गलत होने के संबंध में पत्र नंबर-276 तारीक-17-6-2021 नेशनल हाईवे अथार्टी आफ इंडिया को एसडीएम द्वारा भेज दिया गया है। स. ढिल्लों ने कहा कि उन्होंने इस संबंध में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को पत्र भेज दिया है ताकि पुराने अवॉर्ड को रद्द करवाकर नए अवॉर्ड पास करवाए जा सकें। उन्होंने किसानों को आश्वासन दिया कि वह अगले सप्ताह दिल्ली जाकर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात करके किसानों के मुद्दे को प्राथमिकता के आधार पर हल करवाने के लिये वचनबद्ध हैं।

 

बठिंडा क्राइम- पांच नशा तस्करों को गिरफ्तार कर भारी तादाद में नशीली गोली, हेरोइन व भुक्की बरामद

बठिंडा.  जिला पुलिस ने बीते दिनों विभिन्न जगहों से पांच नशा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके पास से नशीली गोलियां, हेरोइन व भुक्की बरामद की है। पकड़े गए आरोपितों पर विभिन्न थानों में नशा विरोधी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना कैनाल कालोनी के एएसआइ लाभ सिंह ने गश्त के दौरान स्थानीय ठंडी सड़क पर घूम रहे आरोपित बलकरण सिंह निवासी जनता नगर व कर्मचंद निवासी ढिल्लो कालोनी बठिंडा को शक के आधार पर रोककर उनकी तलाशी ली, तो उनके पास से 9 किलो भुक्की चूरा पोस्त बरामद किया गया। पुलिस ने दोनों आरोपितों पर मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी तरह थाना बालियांवाली के एसआइ कंवलजीत सिंह ने गांव भूंदड़ के पास की नाकाबंदी के दौरान मोटरसाइकिल सवार बचितर सिंह को शक के आधार पर रोककर उसकी तलाशी ली, तो उसके पास से चार ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने आरोपित को मौके पर गिरफ्तार कर मामला दर्ज किया गया। वहीं थाना दयालपुरा के एएसआइ अमृतपाल सिंह ने गांव जलाल से आरोपित लधु सिंह को गिरफ्तार कर उसके पास से 690 नशीली गोलियां बरामद की। इसके अलावा थाना मौड़ के एएसआइ चरणजीत शर्मा ने मौड़ मंडी की नई अनाज मंडी से आरोपित गुरजंट सिंह को गिरफ्तार कर उसके पास से 570 नशीली गोलियां बरामद कर मामला दर्ज किया गया।

 

पुरानी रंजिश के चलते मारपीट करने के दो विभिन्न मामलों में दो महिलाओं समेत कुल 9 लोगों पर मामला

बठिंडा. जिला पुलिस के थाना बालियांवाली व तलवंडी साबो पुलिस पुरानी रंजिश के चलते मारपीट करने के दो विभिन्न मामलों में दो महिलाओं समेत कुल 9 लोगों पर मामला दर्ज किया है। हालांकि, दोनों ही मामलों में नामजद किसी भी आरोपित की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पुलिस अगली कार्रवाई कर रही है। थाना बालियांवाली पुलिस को शिकायत देकर जसपाल सिंह निवासी गांव रामनिवास ने बताया कि बीती 14 जून को आरोपित हरमन सिंह, उसका भाई जगमन सिंह, पिता सर्बजीत सिंह व दादा रल्ला सिंह निवासी गांव रामनिवास ने मिलकर उसके साथ मारपीट की और उसे घायल कर दिया। मारपीट करने की वजह पुराना झगड़ा है। पुलिस ने एक ही परिवार के चारों सदस्यों पर मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी तरह थाना तलवंडी साबो पुलिस को शिकायत देकर हरवंत सिंह निवासी गांव मैनुआणा ने बताया कि बीती 22 जून को आरोपित केवल सिंह, उसका भाई मंजीत सिंह, पिता छिंदा सिंह, मां अमरजीत कौर व एक अज्ञात महिला निवासी गांव मैनुआणा ने पुरानी रंजिश के चलते उससे मारपीट की और उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है।

बठिंडा का नार्थ एस्टेट में कोठी में गैस पाइप लाइन फटने से धमाका, जानी नुकसान होने से बचा -गैस पाइप लाइन कंपनी का दावा-रसोई में कुक्कर फटने के बाद हुआ धमाका, गैस पाइप सुरक्षित

-परिजनों ने मौका दिखाते कंपनी के दावों को नकारा, गैस चूल्हा व गैस पाइप हो चुकी है पूरी तरह से क्षतिग्रस्त

बठिंडा. सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन प्रोजेक्ट के तहत बठिंडा में काम कर रही जीएसपीएल (गुजरात स्टेट पेट्रो नेट लिमिटेड) की तरफ से शुरू की गई रसोई गैस पाइपलाइन सुविधा फिर से विवादों में आ गई है। वीरवार की सुबह शहर के सबसे पाश इलाके नार्थ एस्टेट की एक कोठी में जोरदार धमाका हुआ जिससे पूरा इलाका दहश्त में आ गया। 

परिजनों के अनुसार यह धमाका गैस पाइप लाइन फटने से कारण हुआ। हालांकि इस दौरान किसी तरह का जानी व माली नुकसान होने से बच गया लेकिन लोगों के अंदर गैस पाइप लाइन की सुरक्षा को लेकर कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं। हालांकि गेल इंडिया लिमिटेड की तरफ से मौके पर जांच के लिए पहुंचे अधिकारियों ने गैस पाइप लाइन फटने या फिर पाइप में धमाका होने की बात से इंकार किया है। वही बताया कि उक्त धमाका घर में गैस सिलेंडर के ऊपर रखे कुक्कर के फटने से हुआ है। मौके पर उन्हें ढक्कन फटा एक कुक्कर भी मिला है। 

वही परिजनों ने कहा कि गैस पाइप लाइन के फटने से हुए धमाके के बाद कुक्कर का ढक्कन टेढ़ा हो गया जबकि कुक्कर को देखने में उसमें ब्लास्ट होने जैसी कोई भी चीज दिखाई नहीं दे रही है। जिस तरह से जोरदार धमाका हुआ वह सामान्य कुक्कर के ढक्कर उखड़ने से नहीं हो सकता है। वही गैस चूल्हे में जहां से पाइप लाइन जुड़ी थी वह हिस्सा भी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। फिलहाल इसी बीच इलाके के पार्षद बंत सिंह रंधावा ने मौके पर पहुंचकर मामले की उच्च स्तरीय जांच करवाने की मांग की है ताकि लोगों के सामने सच आ सके व पाइप लाइन की सुरक्षा को यकीनी बनाया जा सके।


 जानकारी अनुसार नार्थ एस्टेट स्थित कोठी नंबर 137 में सुबह के समय जोरदार ब्लास्ट हुआ। इस दौरान घर की महिला गैस में खाना बना रही थी। ब्लास्ट से गैस चूल्हे का एक हिस्सा पूरी तरह से टूट गया जबकि उस पर रखे खाने व दूसरा सामान ऊपर छत्त तक बिखर गया। मनीष गर्ग ने बताया कि सुबह हुए इस ब्लास्ट में किसी तरह की जानी नुकसान होने से बच गया लेकिन इस घटना के बाद पूरे इलाके में लोगों के अंदर दहश्त का माहौल है व लोग इतने सहमे हुए है कि वह पाइप लाइन के मार्फत गैस जलाने से डर रहे हैं। उन्होंने बताया कि कंपनी प्रबंधक दावा कर रहे हैं कि गैस चूल्हे में रखे कुक्कर से धमाका हुआ है जबकि कुक्कर का ढक्कन कुक्कर  ही लगा हुआ है जबकि पाइप लाइन पूरी तरह से फटी हुई है वही गैस चूल्हा भी क्षतिग्रस्त है।

 उन्होंने बताया कि सुबह गैस कंपनी के जांच अधिकारी आए थे लेकिन उन्होंने किसी तरह का तस्सली बख्श जबाव नहीं दिया है बल्कि कहा है कि अभी जांच चल रही है व जांच के बाद ही सही जानकारी दे सकेंगे। गौरतलब है कि शहर के 1500 से ज्यादा घरों को गैस पाइपलाइन का लाभ मिल रहा है। गेल इंडिया लिमिटेड की ओर से गैस पाइपलाइन सेवा शुरू की गई है। सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन प्रोजेक्ट के तहत बठिंडा में काम कर रही जीएसपीएल (गुजरात स्टेट पेट्रो नेट लिमिटेड) की शहर के एक चौथाई हिस्से में गैस पाइप लाइन बिछाई गई है। वही लोगों की मांग पर गैस कनेक्शन भी दिए जा रहे हैं। 

आदर्श नगर से शुरू हुए प्रोजेक्ट के तहत शहर में प्रवेश करते हुए माता जीवी नगर, हजूरा कपूरा कॉलोनी, बैंक कॉलोनी, सुच्चा सिंह नगर, बल्लाराम नगर, गुरु गोबिंद सिंह नगर, माहेश्वरी कॉलोनी, माडल टाउन फेज 1 के अलावा नई बसी कॉलोनी ग्रीन सिटी, मॉडल टाउन फेज 4-5 व पार्क पनोरमा में भी गैस पाइप लाइन बिछा दी गई है। वहीं पश्चिम दिशा की ओर से मुल्तानिया पुल डीडी मित्तल टावर तक पाइप लाइन बिछाई गई है।


कंपनी का दावा है कि सिलेंडर से अधिक सुरक्षा पीएनजी में हैं। सिलेंडर फटने पर अधिक नुकसान होता है। पीएनजी में आग लगने की संभावना न के बराबर है। रेग्युलेटर से अधिक सुरक्षित वाल्व सिलेंडर में गैस प्रवाह को रोकने के लिए रेग्युलेटर का प्रयोग होता है। जबकि पीएनजी गैस पाइपलाइन में सुरक्षा के लिए तीन वाल्व लगे हैं, जहां से बंद किया जा सकता है।


फोटो - नार्थ एस्टेट में फटी गैस पाइप के बाद रसोई में बिखरा सामान व टूटा गैस चूल्हा।