HOME PAGE

HOME PAGE

शनिवार, 26 दिसंबर 2020

पंजाब भर में छिपे हैं यूपी और बिहार के बच्चे बेचने वाले तस्कर, पलिस के हाथ लगे गैंग के सदस्यों के नाम व पते

 


जालंधर।
 बिहार से बच्चे लाकर पंजाब में बेचने के मामले में नया खुलासा हुआ है। बिहार में गिरफ्तार हुए मनु से बिहार पुलिस ने कई ऐसे नाम और उगलवा लिए हैं जो उसके साथ जुड़े हुए थे। उन सभी को पता था कि मनु और प्रवेश बिहार से बच्चों को नौकरी दिलवाने के बहाने पंजाब के अलग अलग शहरों में ले जाते थे और वहां पर उनको मोटी रकम लेकर बेच देते थे।

घरवाले नहीं जानते थे बच्चे कहां और किस हाल में हैं

हैरानी की बात है कि बच्चों के परिजनों को भी नहीं पता होता था कि बच्चे कहां और किस हाल में हैं। मन्नु और प्रवेश अपने अन्य साथियों के साथ बच्चों से काम करवाने वालों से पैसे ले लेते। कुछ पैसे बच्चों को देते, कुछ अपने अपने पास रखते और जो बच जाते वह बच्चों को परिजनों को सौंप देते थे। उनको यह नहीं बताते थे कि बच्चे कहां और क्या काम कर रहे हैं। बिहार पुलिस जल्द ही बच्चों के मामले में जालंधर पुलिस से संपर्क कर सकती है ताकि उन लोगों पर शिकंजा कसा जा सके जो प्रवेश और मन्नु के साथ बच्चों को सप्लाई करते थे।

सरगना प्रवेश की तलाश में जुटी जालंधर पुलिस

उधर, फरार चल रहे मुख्य आरोपित प्रवेश सदा की गिरफ्तारी के लिए थाना सदर की पुलिस लगातार छापामारी कर रही है। अभी तक पुलिस को उसका सुराग नहीं मिला है। माना जा रहा है कि प्रवेश बिहार भाग गया है। उसके साले मनु के साथ जालंधर में रहने वाले कई साथियों से शुक्रवार को भी पुलिस ने पूछताछ की। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मनु और प्रवेश ने अभी तक कितने बच्चों को जालंधर में सप्लाई किया है और इस काम में उनका साथ किस किस ने दिया है। पुलिस उन सभी लोगों पर भी शिकंजा कस सकती है जिन्होंने मानव तस्करी में मनु और प्रवेश का साथ दिया है।

यह था मामला
बीते दिनों बिहार के खगड़िया के मोहन सदा ने बचपन बचाओ आंदोलन संस्था को शिकायत की थी कि उसके बेटे को प्रवेश सदा नाम के व्यक्ति ने जालंधर लाकर बेचा है। इस मामले में प्रवेश सदा के खिलाफ पर्चा दर्ज हो गया था। आरोपित ने पीड़ित को अपने किसी साथी से फोन करवा के उसका बेटा लौटाने की बात कही थी। कुछ दिन पहले, बचपन बचाओ आंदोलन संस्था की अगुआई में पुलिस ने गांव फोल्ड़ीवाल के पास एक फार्म हाउस में काम कर रहे 40 बच्चों को मुक्त करवाया था। पुलिस जांच में यह खुलासा हुआ था कि बच्चों को बिहार से लाकर जालंधर में बेचा गया था। अब तक की पुलिस जांच में सामने आया था कि प्रवेश बिहार से लाए बच्चों को अन्य शहरों में भी बेचता था। वह बच्चों को तंग कमरे में रखकर उन्हें यातनाएं भी देता था।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें