HOME PAGE

HOME PAGE

गुरुवार, 7 जनवरी 2021

Bathinda-प्रत्याशियों पर सवाल उठाए तो मार्केट कमेटी चेयरमैन की सिक्योरिटी ली वापस



बठिडा: मार्केट कमेटी बठिडा के चेयरमैन मोहन लाल झुंबा की सुरक्षा में लगा एकमात्र गनमैन वापस ले लिया गया है। इसके पीछे तर्क यह दिया जा रहा है कि मार्केट कमेटी के चेयरमैन को सुरक्षा नहीं मिलती। हालांकि उनकी सुरक्षा उस समय वापस ली गई, जब उन्होंने नगर निगम चुनाव को लेकर कांग्रेस की ओर से घोषित उम्मीदवारों के नाम पर नाराजगी व्यक्त की। यह नाराजगी उन्होंने मंगलवार को चंडीगढ़ में व्यक्त की और बुधवार को उनकी सुरक्षा वापस ले ली गई।

सूत्रों के अनुसार अगले माह होने वाले नगर निगम व नगर पंचायत चुनाव को लेकर मोहन लाल झुंबा को कोटशमीर नगर पंचायत का चुनाव आब्जर्वर लगाया गया है। इसको लेकर मंगलवार को चंडीगढ़ में मीटिग रखी गई थी। वहां मोहन लाल झुंबा ने नगर निगम बठिडा के चुनाव के लिए घोषित किए गए कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवारों पर सवाल उठा दिए। दरअसल, कांग्रेस हाईकमान ने 12 जनवरी तक वार्डो के दावेदारों से आवेदन मांगे थे। इसके बावजूद पहले ही कुछ वार्डो में प्रत्याशियों की घोषणा कर दी गई। इनमें से ही एक वार्ड है लाल सिंह बस्ती का वार्ड। वहां पर मोहन लाल झुंबा के भाई सोहन लाल झुंबा चुनाव लड़ने के इच्छुक थे। सोहन लाल पार्टी के महासचिव भी रह चुके हैं, लेकिन पार्टी की ओर से उनकी जगह आत्मा सिंह को प्रत्याशी घोषित कर दिया गया। इस बात को लेकर मोहन लाल झुंबा ने एतराज जताया था। उन्हें कोई उचित जवाब तो नहीं मिला, लेकिन अगले ही दिन उनकी सुरक्षा जरूर वापस ले ली गई। इस बारे में चेयरमैन मोहन लाल झुंबा ने कहा कि उनके पास एक ही गनमैन था, जिसको अब वापस ले लिया गया है। हालांकि इसके पीछे क्या कारण है, इसके बारे में उन्होंने कुछ नहीं बताया। 

- मार्केट कमेटी के चेयरमैन को पुलिस की ओर से कोई सुरक्षा नहीं दी जाती। अगर उनके पास सुरक्षाकर्मी तैनात था तो उसे हटाया ही जाना था। हालांकि उन्हें कोई गनमैन नहीं दिया गया था। अगर उनके पास कोई सिक्योरिटी होगी तो वह पर्सनल होगी।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें