HOME PAGE

HOME PAGE

शनिवार, 23 जनवरी 2021

अमृतसर के जंडियाला गुरु में किसानों व भाजपा कार्यकर्ताओं में टकराव, पुलिस ने संभाला मामला


अमृतसर ।
जंडियाला गुरु में नगर कौंसिल चुनावों को लेकर चल रही भाजपा की बैठक में अचानक केेंंद्र सरकार द्वारा लाए गए कृषि कानूनों का विरोध कर रहे कुछ किसान नेता पहुंच गए। किसान नेता वहां भाजपा विरोधी नारे लगाने लगे। बैठक लेने के लिए पार्टी के पंजाब कार्यकारिणी सदस्य राजीव कुमार आए हुए थे। किसानों के विरोध करने पर भाजपा कार्यकर्ता भी नारेबाजी करने लगे। टकराव बढ़ता देख पुलिस ने मामले को शांत कराया।

पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे डीएसपी रविन्द्र सिंह, डीएसपी सुखविंदरपाल सिंह और एसएचओ हरचंद सिंह ने दोनों गुटों को समझाते हुए स्थिति को संभाला। एक तरफ पुलिस टीम ने जहां भाजपा नेताओं को समझा बुझा कर कार्यक्रम को बंद करवाया तो वहीं दूसरी तरफ सिख और किसान संगठन के सदस्यों को भी समझाकर मौके से वापस भेजा।

सिख और किसान संगठनों के सदस्यों का कहना था कि देश का अन्नदाता अपने अधिकारों के लिए सड़कों पर धक्के खा रहा है और भाजपा चुनावों के नाम पर अपने कार्यक्रम आयोजित कर रही है। वह भाजपा को चुनाव नहीं लड़ने देंगे और न ही कोई कार्यक्रम आयोजित करने देंगे। वहीं मीटिंग में विशेष रूप से पहुंचे भाजपा के चुनाव आब्जर्वर केवल कुमार ने कहा कि लोकतांत्रिक भारत देश में चुनाव लड़ना सबका अधिकार है। भाजपा हमेशा से ही किसानों के साथ खड़ी है और आगे भी खड़ी रहेगी।

भाजपा पंजाब कार्यकारिणी सदस्य राजीव कुमार ने कहा कि किसी भी राजनीतिक पार्टी को चुनाव लड़ने से रोकना लोकतंत्र की हत्या करना है। ऐसे हथकंडे अपनाकर जो भी लोग भाजपा को रोकना चाहते हैं वह कभी किसान हो ही नहीं सकते। यह सब अन्य राजनीतिक पार्टियों की एक सोची समझी साजिश है। भाजपा को चुनाव नहीं लड़ने देने की धमकियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भाजपा जंडियाला गुरु के 15 वार्डों में अपने उम्मीदवार खड़े करेगी और शानदार विजय भी हासिल करेगी। उनके साथ भाजपा जिला अमृतसर देहाती प्रधान हरदयाल सिंह औलख, जिला महासचिव सुशील देवगन आदि भी मौजूद थे।


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें