HOME PAGE

HOME PAGE

बुधवार, 3 मार्च 2021

पंजाब के फतेहगढ़ साहिब में बड़ा हादसा, पुराना मकान ताेड़ते समय मलबे के नीचे दबे चार लोग; दाे किशाेराें की माैत


अमलोह, (फतेहगढ़ साहिब) ।
पंजाब के फतेहगढ़ साहिब में एक दर्दनाक हादसा हुआ है। अमलोह के गांव रायपुर चौबदारां में पुराना मकान गिराते समय मलबे के नीचे दबने से दो किशाेराें की मौत हो गई जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा मंगलवार की रात हुआ। मृतकों की पहचान गांव सलाना दूला सिंह वाले के रहने वाले जश्नप्रीत सिंह और गुरसिमरन सिंह के तौर पर हुई है। दोनों 12वीं कक्षा में पढ़ते थे।

जानकारी के अनुसार सलाना दूला सिंह वाले गांव के रहने वाले मलकीत सिंह के रिश्तेदार निर्भय सिंह का रायपुर चौबदारां गांव में पुराना मकान था। इस मकान को तोड़कर नया बनाना था। इसलिए मलकीत सिंह गांव से जश्नप्रीत सिंह, गुरसिमरन सिंह और गुरसेवक सिंह को साथ लेकर मकान तोड़ने चला गया था। जब वह मकान से पुराने गार्डर और ईंटें निकाल रहे थे तो इसी बीच लोहे का एक गार्डर गिर गया, जिससे मकान का मलबा गिरा और चार लोग नीचे दब गए।

लोगों ने जब तक चारों को मलबे से निकाला तब तक जश्नप्रीत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई थी। गुरसिमरन और गुरसेवक को सिविल अस्पताल अमलोह से राजिंदरा अस्पताल पटियाला रेफर किया गया। वहां बुधवार सुबह गुरसिमरन की भी मौत हो गई। मलकीत सिंह सिविल अस्पताल अमलोह में भर्ती है। उधर पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल अमलोह में रखा है। वहां जशनप्रीत के शव का पोस्टमार्टम हो रहा है। इसके बाद गुरसिमरन के शव का पोस्टमार्टम होगा।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें