HOME PAGE

HOME PAGE

मंगलवार, 16 मार्च 2021

गुरदासपुर में जेल रोड पर हादसा:दो दोस्तों की कार पेड़ से टकराई; एक की मौत, प्रत्यक्षदर्शी बोला- कार में लड़की भी थी, हादसे के बाद हो गई फरार


गुरदासपुर।
पंजाब के गुरदासपुर में मंगलवार को हुई एक सड़क दुर्घटना में जहां एक दोस्त की मौत हो गई, वहीं दूसरा दोस्त गंभीर रूप से जख्मी हो गया। मरने वाले की पहचान रोबिन सिंह उर्फ गौरा (24) पुत्र प्रदीप सिंह निवासी बहरामपुर रोड के रूप में हुई है, जबकि जख्मी युवक गौरव कुमार पुत्र सुरजीत कुमार निवासी बहरामपुर रोड का रहने वाला है। पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है।

मृतक का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजन को सौंप दिया है। जख्मी गौरव का सिविल अस्पताल में इलाज चल रहा है। मृतक रोबिन सिंह का बहरामपुर रोड पर सर्विस स्टेशन है और कुछ दिन पहले ही वो नशा छुड़ाओ केंद्र से घर वापस लौटा था। परिवार का कहना है कि मंगलवार सुबह रोबिन अपने दोस्त के साथ गाड़ी लेकर दीनानगर गया था। वापसी के दौरान उनकी कार पेड़ से टकरा गई और हादसे में रोबिन की मौके पर ही मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शी बोला- कार में लड़की भी थी, हादसे के बाद वह फरार हो गई

प्रत्यक्षदर्शी हीरा सिंह ने बताया कि उसका घर जेल रोड पर है। सवेरे करीब 7 बजे दीनानगर की तरफ से सफेद रंग की ऑल्टो कार तेज रफ्तार से आई और सड़क किनारे लगे पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह से टूट गया और कार चला रहा युवक बुरी तरह से कार में फंस गया।

आधा घंटा मेहनत करने के बाद युवक को गाड़ी से निकाला गया। उसने बताया कि गाड़ी में एक लड़की भी थी, जो घटना के बाद गाड़ी से निकल कर कहीं फरार हो गई। हीरा सिंह ने बताया कि लड़की के दांतों से खून निकल रहा था, वैसे उसे किसी तरह की कोई चोट नहीं थी। लड़की के इस तरह गायब हो जाने से मामला संदिग्ध नजर आ रहा है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें