HOME PAGE

HOME PAGE

शुक्रवार, 9 अप्रैल 2021

परसराम नगर के फर्नीचर व्यापारी से मारी 75 लाख की ठगी, दो मामलों में आरोपी लोगों पर केस दर्ज



बठिंडा.
शहर के परसराम नगर के रहने वाले फर्नीचर व्यापारी नरोतम दास से 75 लाख रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। फर्नीचर व्यापारी से यह ठगी दो अलग-अलग मामलों में की गई है। हरियाणा के शहर पानीपत निवासी बाप-बेटे ने अपनी फैक्टरी में तैयार होने वाली अलमारियों की सप्लाई देने के नाम पर व्यापारी से 25 लाख रुपये लेकर उसे सप्लाई ना कर ठगी की। पीड़ित व्यापारी नरोतम दास के अनुसार पानीपत के रहने वाले राज कुमार व उसके बेटे सागर व अर्जुन ने उसे झांसा दिया कि उनकी बड़ी फैक्टरी है, जिसमें वह अलमारी समेत अन्य फर्नीचर बनाते है और उसे अलग-अलग शहरों में सप्लाई करते है। पीड़ित के अनुसार वह आरोपितों के झांसा में आ गया और उसने उन्हें 25 लाख रुपये की अलमारियां बनाकर देने का आर्डर दे दिया। उसने आरोपितों को 25 लाख रुपये एडवांस में दे दिए। पैसे लेने के काफी समय तक ना तो उन्होंने उसे अलमारियों की सप्लाई की और नहीं उसके पैसे वापस किए। ऐसा कर उन्होंने उसके साथ धोखाधड़ी की।

वहीं दूसरे मामले में मुक्तसर साहिब और जैतो मंडी के रहने वाले चार लोगों ने जमीन बेचने के नाम पर फर्नीचर व्यापारी से 50 लाख रुपये की ठगी की है। पीड़ित नरोतम दास ने बताया कि श्री मुक्तसर साहिब के रहने वाले सतनाम सिंह, विक्रमजीत सिंह, तनजीत सिंह व फरीदकोट के जैतो मंडी के रहने वाले पाल से उसने जमीन खरीदी थी। जिसकी उसने रजिस्ट्री करवाने से पहले 50 लाख रुपये आरोपितों को दे दिए थे। उन्होंने पैसे लेने के बाद रजिस्ट्री करवाने की एक तारीख भी तय की थी, लेकिन आरोपितों ने उस तय समय पर रजिस्ट्री नहीं करवाई और नहीं उसके पैसे वापस किए। ऐसे कर आरोपितों ने उसके साथ 75 लाख रुपये की ठगी की। पीड़ित व्यापारी ने अपने साथ हुई इस ठगी की लिखित शिकायत एसएसपी बठिंडा को दी। एसएसपी के आदेशों पर ईओ विंग ने दोनों मामलों की जांच पड़ताल की और थाना कैनाल कालोनी पुलिस को आरोपित लोगों पर धोखाधड़ी का केस दर्ज करने की सिफारिश की गई। जिसके बाद पुलिस ने अलमारियों की सप्लाई नहीं करने के आरोप में पानीपत निवासी राज कुमार व उसके बेटे सागर व अर्जुन के अलावा जमीनी की रजिस्ट्री नहीं करवाने के आरोप में सतनाम सिंह, विक्रमजीत सिंह, तनजीत सिंह व पाल सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना कैनाल कालोनी के इंचार्ज एसआइ गणेश्वर कुमार का कहना है कि दोनों मामलों में आरोपितों पर केस दर्ज कर लिया गया है, जल्द ही आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जाएगी।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें