HOME PAGE

HOME PAGE

शुक्रवार, 9 अप्रैल 2021

बेटे की चाहत में हैवान बनी मां:सवा महीने की बेटी को गटर में फेंक कर मार डाला, पति की शिकायत पर पुलिस ने महिला को किया गिरफ्तार


फरीदकोट।
 पंजाब के फरीदकोट में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। एक महिला ने अपनी ही सवा महीने की मासूम बेटी को मौत के घाट उतार दिया। बताया जा रहा है कि महिला ने बेटे की चाहत में वारदात अंजाम दी। मामला गांव कलेर का है। पुलिस ने मृतक बच्ची की पिता की शिकायत पर आरोपी मां के खिलाफ केस दर्ज करके उसे गिरफ्तार कर लिया है।

पहले से है एक बेटा

पुलिस को दी शिकायत में मृतक बच्ची के पिता ने बताया कि उसके दो लड़कियां और एक लड़का है। लेकिन उसकी पत्नी को एक और बेटे की चाहत है। इसलिए उसने तीसरी सवा महीने की बेटी को गुरुवार की रात को गटर में फेंक दिया। मामले का पता तब चला, जब शुक्रवार सुबह जदूरों ने बच्ची को गटर में देखा और बाहर निकाला। लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

शख्स ने यह भी बताया कि घटना के वक्त वह काम पर गया था। शुक्रवार सवेरे जब वह आया तो घर में भीड़ देखकर उसे मामले का पता चला। फिर सख्ती से पूछने पर उसकी पत्नी ने बच्ची को गटर में फेंकने की बात कबूल ली। इसके बाद ही उसने पुलिस को सूचना दी।

Bathinda/मौड में ट्रक ड्राइवर का शव खंडर मकान से बरामद, हत्या की आशंका


बठिंडा
. मौड़ मंडी के रहने वाले 20 वर्षीय एक ट्रक ड्राइवर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव मंडी में बने एक खंडर मकान से बरामद हुआ। परिजनों ने अपने बेटे की हत्या की आशंका जताते हुए उसे बीती सात अप्रैल की शाम को अपने साथ लेकर जाने वाले ट्रक कंडकटर पर हत्या का मामला दर्ज करवाया है। फिलहाल पुलिस आरोपित कंडकटर की गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही है, जबकि मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सुपुर्द कर दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच चल रही है, जबकि हत्या के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

पुलिस को बयान देकर मौड़ मंडी निवासी काला सिंह ने बताया कि उसका 20 वर्षीय बेटा करनवीर सिंह ट्रक ड्राइवर का काम करता है। बीती सात अप्रैल की रात को उसके बेटे करनवीर सिंह को उसके साथ ट्रक पर कंडक्टर का काम करने वाला युवक संजय निवासी मौड़ मंडी व एक अज्ञात व्यक्ति अपने साथ लेकर गए थे। वह रात को घर वापस नहीं आया। अगले दिन आठ अप्रैल को जब वह अपने बेटे की तलाश करने के लिए ओवरब्रिज के पास स्थित खंडर मकान में पहुंचे, तो मकान में बने एक कमरे से उसका बेटा करनवीर सिंह का शव पड़ा हुआ था। जिसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल की जांच की और शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया। मृतक के पिता काला सिंह ने अपने बेटे की हत्या की आशंका जताई और पुलिस को बताया कि आरोपित संजय व एक अज्ञात व्यक्ति उसके बेटे को अपने साथ मोटरसाइकिल पर बिठाकर लेकर गए थे, जिसके बाद से उसकी लाश बरामद हुई है। उन्होंने आशंका जताई कि उनके बेटे की हत्या कर शव को जहां पर फेंका गया है। मामले के जांच अधिकारी एसआइ बलविंदर सिंह ने बताया कि परिजनों के बयानों पर आरोपित संजय व एक अज्ञात पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयास कर रही है। मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा। फिलहाल मामले की पड़ताल की जा रही है, जल्द ही मामले को सुलझा लिया जाएगा।

गांव झुंडके में चार दिन पहले हुई हत्या का राज खुला, भाई ही निकला हत्यारा, मां व भाई को तंग परेशान करने के साथ जमीन पर कब्जा करना रही हत्या की वजह

 


बठिंडा. बीती पांच अप्रैल को गांव झुंडके निवासी 38 वर्षीय हरदीप सिंह उर्फ भिंदा की हत्या का राज आखिर चार दिन बाद खुल गया। व्यक्ति की हत्या किसी और ने नहीं बल्कि उसके अपने ही सगे छोटे भाई ने की थी। हत्या करने की मुख्य वजह मां व भाई को तंग परेशान करने के साथ मृतक की तरफ से हिस्सा मांगने पर उसे रास्ते से हटाकर उनकी जमीन व घर में कब्जा करना था। जमीन में हिस्सा नहीं मिलने पर मृतक हरदीप सिंह ने अपने छोटे भाई को जान से मारने की पहले धमकियां दी थी । इसी डर से छोटे भाई ने अपने बड़े भाई पर लोहे के हथियार से हमलाकर उसे मौत के घाट उतार दिया और उसके शव को खेतों में फेंककर फरार हो गया। पहले थाना बालियांवाली पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति पर हत्या का मामला दर्ज किया था, लेकिन जांच पड़ताल करने के बाद उसके 30 वर्षीय छोटे भाई बेअंत सिंह को मामले में नामजद कर उसे गिरफ्तार किया गया। पुलिस पूछताछ में आरोपित बेअंत सिंह ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। जिसके बाद उसे अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया गया।पुलिस ने आरोपित के पास से हत्या में इस्तेमाल किया गया लोहे का हथियार भी बरामद कर लिया है।

             थाना बालियांवाली के एसएचओ जसवीर सिंह ने बताया कि बीती पांच अप्रैल को गांव झंडूके के चौकीदार लीला सिंह ने बयान दर्ज करवाए थे कि खेतों में झंडूके निवासी हरदीप सिंह का शव पड़ा देखा था। जिसके सिर व अन्य जगहों पर चोट के निशान थे। जिसके चलते अज्ञात व्यक्ति पर हत्या का मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी थी। एसएचओ जसवीर सिंह ने बताया कि जब मामले की जांच पड़ताल की गई,तो पता चला कि हरदीप सिंह की हत्या उसके अपने ही सगे छोटे भाई बेअंत सिंह ने ही की है।

 

पानी की सप्लाई देने वाली दो आरो वाटर फैक्ट्रियों पर सेहत विभाग की दबीश, भरे सैंपल


बठिंडा.
तंदरुस्त पंजाब मुहिम के तहत सिविल सर्जन डा. तेजवंत सिंह ढिल्लों की अगुआई में जिला सेहत अधिकारी डा. उषा गोयल द्वारा पीने के पानी के सैंपल लिए गए। इस संबंध में जिला सेहत अधिकारी ने बताया कि गर्मी के मौसम को देखते हुए लोगों को पीने वाली पानी की साफ सप्लाई के मद्देनजर दो पानी की फैक्टरियों जिनमें टरु इंदरा वेबरेजिज व ऐबी ऐकुआ वेबरेजिज की चेकिंग की गई। सैंपल भी लिए गए। उन्होंने बताया कि आम लोगों के रोजाना प्रयोग में आने वाली वस्तुओं की सैपलिंग की जा रही है। जिसमें करियाना स्टोरी, बेकरी, डेयरी, सब्जी व फलों के अलावा सरसों के तेल आदिक के सैंपल लेकर फोरोसिंक लेबोराटरी भेज दिए गए हैं। इसके अलावा डा. गोयल ने बताया कि कमिश्नर फूड व ड्रग एडमिनस्ट्रेशन पंजाब की हिदायतों मुताबिक जिला बठिंडा में शराब के होलसेल व रिटेल शराब के ठेकेदारों को अब सेहत विभाग से लाइसेंस लेना जरूरी कर दिया गया है।

परसराम नगर के फर्नीचर व्यापारी से मारी 75 लाख की ठगी, दो मामलों में आरोपी लोगों पर केस दर्ज



बठिंडा.
शहर के परसराम नगर के रहने वाले फर्नीचर व्यापारी नरोतम दास से 75 लाख रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। फर्नीचर व्यापारी से यह ठगी दो अलग-अलग मामलों में की गई है। हरियाणा के शहर पानीपत निवासी बाप-बेटे ने अपनी फैक्टरी में तैयार होने वाली अलमारियों की सप्लाई देने के नाम पर व्यापारी से 25 लाख रुपये लेकर उसे सप्लाई ना कर ठगी की। पीड़ित व्यापारी नरोतम दास के अनुसार पानीपत के रहने वाले राज कुमार व उसके बेटे सागर व अर्जुन ने उसे झांसा दिया कि उनकी बड़ी फैक्टरी है, जिसमें वह अलमारी समेत अन्य फर्नीचर बनाते है और उसे अलग-अलग शहरों में सप्लाई करते है। पीड़ित के अनुसार वह आरोपितों के झांसा में आ गया और उसने उन्हें 25 लाख रुपये की अलमारियां बनाकर देने का आर्डर दे दिया। उसने आरोपितों को 25 लाख रुपये एडवांस में दे दिए। पैसे लेने के काफी समय तक ना तो उन्होंने उसे अलमारियों की सप्लाई की और नहीं उसके पैसे वापस किए। ऐसा कर उन्होंने उसके साथ धोखाधड़ी की।

वहीं दूसरे मामले में मुक्तसर साहिब और जैतो मंडी के रहने वाले चार लोगों ने जमीन बेचने के नाम पर फर्नीचर व्यापारी से 50 लाख रुपये की ठगी की है। पीड़ित नरोतम दास ने बताया कि श्री मुक्तसर साहिब के रहने वाले सतनाम सिंह, विक्रमजीत सिंह, तनजीत सिंह व फरीदकोट के जैतो मंडी के रहने वाले पाल से उसने जमीन खरीदी थी। जिसकी उसने रजिस्ट्री करवाने से पहले 50 लाख रुपये आरोपितों को दे दिए थे। उन्होंने पैसे लेने के बाद रजिस्ट्री करवाने की एक तारीख भी तय की थी, लेकिन आरोपितों ने उस तय समय पर रजिस्ट्री नहीं करवाई और नहीं उसके पैसे वापस किए। ऐसे कर आरोपितों ने उसके साथ 75 लाख रुपये की ठगी की। पीड़ित व्यापारी ने अपने साथ हुई इस ठगी की लिखित शिकायत एसएसपी बठिंडा को दी। एसएसपी के आदेशों पर ईओ विंग ने दोनों मामलों की जांच पड़ताल की और थाना कैनाल कालोनी पुलिस को आरोपित लोगों पर धोखाधड़ी का केस दर्ज करने की सिफारिश की गई। जिसके बाद पुलिस ने अलमारियों की सप्लाई नहीं करने के आरोप में पानीपत निवासी राज कुमार व उसके बेटे सागर व अर्जुन के अलावा जमीनी की रजिस्ट्री नहीं करवाने के आरोप में सतनाम सिंह, विक्रमजीत सिंह, तनजीत सिंह व पाल सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना कैनाल कालोनी के इंचार्ज एसआइ गणेश्वर कुमार का कहना है कि दोनों मामलों में आरोपितों पर केस दर्ज कर लिया गया है, जल्द ही आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जाएगी।

बठिंडा के गांव मलूका में महिला से मारपीट कर उसका गर्भपात करवाने के प्रयास में चार लोगों पर केस


बठिंडा.
 गांव मलूका में घरेलू विवाद के चलते एक व्यक्ति ने अपने मां-बहन और अन्य रिश्तेदारों के साथ मिलकर अपनी पत्नी से मारपीट की और उसका गर्भपात करवाने का प्रयास किया। थाना दयालपुरा पुलिस ने पीड़ित महिला की शिकायत पर आरोपित पति समेत 13 लोगों पर मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल किसी भी आरोपित की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पुलिस को शिकायत देकर गांव मलूका निवासी 26 वर्षीय सिमरजीत कौर ने बताया कि करीब तीन साल पहले उसकी शादी गांव मलूका निवासी कुलदीप सिंह के साथ हुई थी। जिसके बाद वह कुलदीप सिंह के बच्चे की मां बनने वाली है। बीती दो फरवरी को उसके आरोपित पति कुलदीप सिंह ने अपनी मां कुलवंत कौरबहन प्रभजोत कौर निवासी मलूकारिश्तेदार सुखजीत कौरउसका पति सुखवीर सिंहगुरप्रीत कौरउसके पिता लखबीर सिंह निवासी बरनालासिकंदर सिंहउसकी पत्नी निक्की कौर निवासी गांव बुर्ज थरोड़ व चार अज्ञात लोगों के साथ मिलकर उसके साथ मारपीट की और उसका गर्भपात करवाने की कोशिश की। वहीं उसे तीन लाख रुपये की मांग की। जब उसने देने से इंकार कर दियातो उन्होंने उसके साथ मारपीट की। पुलिस ने पीड़ित विवाहिता की शिकायत पर सभी आरोपितों पर मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है।

 

एक महिला समेत पांच तस्करों को गिरफ्तार कर हेरोइन, भंग, नशीली गोलियां व लाहन बरामद

बठिंडा. जिला पुलिस ने विभिन्न जगहों से एक महिला समेत पांच तस्करों को गिरफ्तार कर उनके पास से हेरोइन, भंग, नशीली गोलियां व लाहन बरामद की गई। पकड़े गए आरोपितों पर संबंधित थानों में नशा विरोधी एकट के तहत मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है। एंटी नारकोटिक सैल बठिंडा के इंचार्ज इंस्पेक्टर भूपिंदर सिंह ने बताया कि उनकी टीम को गुप्त सूचना मिली कि भागू रोड पर स्थित एक किराये के मकान में रहती महिला मनदीप कौर उर्फ दीपी निवासी गली नंबर 21 उधम सिंह नगर बठिंडा नशा तस्करी करती है। जिसके पास माैजूदा समय में भी नशा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने पुरानी इंकम टैक्स कालोनी भागू रोड से महिला मनदीप कौर को पुलिस हिरासत में लेकर उसकी तलाशी ली गई, तो उसके पास से 40 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। जिसके बाद आरोपित महिला पर थाना सिविल लाइन में एनडीपीएस एकट के तहत मामला दर्ज किया गया। वहीं थाना कैनाल कालोनी के एएसआइ गुरमुख सिंह ने भी गुप्त सूचना के आधार पर संजय नगर निवासी गुरदीप सिंह को 20 किलोग्राम भंग के साथ गिरफ्तार कर मामला दर्ज किया गया। इसी तरह थाना सदर बठिंडा के हवलदार कुलविंदर सिंह ने भी गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर गांव नरूआणा निवासी सुखपाल सिंह को 80 लीटर लाहन समेत गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा थाना नंदगढ़ के एएसआइ जसविंदा सिंह ने गांव जंगीराणा से गश्त के दौरान आरोपित बलकरण सिंह व रंजीत सिंह को 110 नशीली गोलियां समेत गिरफ्तार कर मामला दर्ज किया गया।

 


Bathinda/जनरल ऑफिसर कमांडिंग इन चीफ सांतवीं शक्ति कमांड ने चेतक कोर का दौरा किया


बठिंडा.
लेफ्टिनेंट जनरल ए.एस भिंडर जनरल ऑफिसर कमांडिंग इन चीफ, सांतवीं शक्ति कमांड ने चेतक कोर का दौरा किया। इस दौरान लेफ्टिनेंट जनरल एम के मागो, जनरल ऑफिसर कमांडिंग, चेतक कोर कमांडर ने कोर के ऑपरेशनल तत्परता के साथ-साथ महत्वपूर्ण प्रशिक्षण से जुड़े मुद्दों पर बातचीत की। उन्हें जिम्मेदारी के क्षेत्र में सुरक्षा स्थिति पर भी जानकारी दी गई। आर्मी कमांडर ने चेतक कोर के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ भी मुलाकात की।

आर्मी कमांडर ने उभरती चुनौतियों का सामना करने के लिए ऑपरेशनल तत्परता का उच्च दर्जा बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने ऑपरेशनल तैयारियों के उच्च स्तर के लिए चेतक कोर की सराहना की और कोविड -19 के खिलाफ सभी सैनिको द्वारा किए जाने वाले सुरक्षा उपायों को सुनिश्चित करने की आवश्यकता को दोहराया। उन्होंने चेतक कोर के नेतृत्व की सराहना की और कार्य कुशलता पर केंद्रित रहने को कहा।