HOME PAGE

HOME PAGE

शुक्रवार, 6 मई 2022

तेजिंदर पाल सिंह गिरफ्तार, दिल्ली में दर्ज हुई पंजाब पुलिस के खिलाफ FIR; लगाई गई अपहरण की धारा

 


BJP Leader Tejinder Pal Singh भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के राष्ट्रीय मंत्री और दिल्ली भाजपा के प्रवक्ता तेजिंदर पाल सिंह बग्गा की गिरफ्तारी के बाद दिल्ली में हड़कंप की स्थिति है। भाजपा इसके खिलाफ प्रदर्शन की तैयारी कर रही है।

नई दिल्ली। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के राष्ट्रीय मंत्री और दिल्ली भाजपा के प्रवक्ता तेजिंदर पाल सिंह बग्गा को पंजाब पुलिस ने उनके निवास से गिरफ्तार किया है। तेजिंदर पाल सिंह बग्गा की गिरफ्तारी शुक्रवार को हुई और उन्हें पंजाब के मोहाली ले जाया जा रहा था, लेकिन हरियाणा के कुरुक्षेत्र में पुलिस ने रोक लिया। कुछ देर बाद दिल्ली पुलिस भी कुरुक्षेत्र पहुंच रही है। वहीं, तेजिंदर पाल सिंह बग्गा के अपहरण मामले में पिता की शिकायत पर दिल्ली पुलिस ने पंजाब पुलिस के खिलाफ आईपीसी की धारा 452, 365,342,392, 395ए, 34 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।  

वहीं, उनकी गिरफ्तारी का भाजपा ने विरोध किया है। इसको लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपराह्न तीन बजे आम आदमी पार्टी (आप) कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करने की घोषणा की है। पार्टी के नेताओं ने कहा कि आप पंजाब में मिली सत्ता का दुरुपयोग कर रही है। भाजपा इससे डरने वाली नहीं है।

उधर, जनकपुरी थाने पहुंचे दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने तेजिंदर पाल सिंह बग्गा की गिरफ्तारी पर अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि  पंजाब पुलिस मिलने से बौखलाए हुए हैं। उनका   तानाशाही और हिटलरशाही भरा रवैया नजर आ रहा है। इस बीच थाने में तेजिंदर पाल सिंह बग्गा के पिता की ओर से शिकायत की गई है।  उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस को पंजाब पुलिस की कार्रवाई की सूचना नहीं थी। उन्होंने कहा कि तेजिंदर पाल सिंह बग्गा के लोकेशन का अभी तक पता नहीं चला है। 

वहीं, खबर आ रही है कि तेजिंदर के पिता का दिल्ली पुलिस मेडिकल कराएगी। वहीं, पंजाब पुलिस के खिलाफ जनकपुरी थाना में मामला दर्ज हुआ है जिसमें अपहरण की धारा लगी है।

वहीं, तेजिंदर पाल सिंह बग्गा की गिरफ्तारी की जानकारी मिलने के बाद कई भाजपा नेता और कार्यकर्ता बग्गा के घर पहुंचकर उनजे स्वजनों से बात की और उन्हें हरसंभव मदद का विश्वास दिलाया। उनकी माता के अनुसार पंजाब पुलिस के लगभग 50 जवान उनके घर आकर बग्गा को साथ ले गए। उनके पिता के साथ दुर्व्यवहार किया गया।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा बग्गा सहित अन्य भाजपा नेता आप की दिल्ली सरकार, पंजाब सरकार और आप नेताओं की सच्चाई जनता के सामने रख रहे हैं। उसके नेताओं, विधायकों, मंत्रियों के भ्रष्टाचार उजागर किए जा रहे हैं। इससे आप नेतृत्व परेशान और हताश है। वह विरोधियों को डराने के लिए पंजाब पुलिस का दुरुपयोग कर रही है। पार्टी इस अलोकतांत्रिक कदम का विरोध करेगी।

दिल्ली भाजपा प्रवक्ता हरीश खुराना ने कहा कि पंजाब पुलिस की यह कार्रवाई दुर्भाग्यपूर्ण है। पार्टी इसके खिलाफ संघर्ष करेगी। प्रदेश भाजपा प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने कहा आप सरकार की इस तरह की अलोकतांत्रिक कदम से बग्गा व अन्य भाजपा नेता डरने वाले नहीं हैं। पूरी पार्टी बग्गा के साथ चट्टान की तरह खड़ी है।



कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें